केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद लखनऊ के इको गार्डन में प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने जमकर जश्न मनाया। यहां नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की अगुआई में हजारों युवा प्रदर्शन के लिए जुटे थे। प्रदर्शनकारी भी NEET पेपर लीक के मुद्दे को लेकर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शन में शामिल युवा हाथों में अलग-अलग नारे लिखे पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे थे। जैसे ही उन्हें केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की जानकारी मिली, प्रदर्शन स्थल पर खुशी का माहौल बन गया। युवाओं ने एक-दूसरे को Melody टॉफी बांटकर इस्तीफे का जश्न मनाया।
इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन के लिए लाए गए पोस्टर और बैनर भी फाड़ दिए। एक प्रदर्शनकारी युवती ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह होली और दिवाली पर भी इतनी खुश नहीं होतीं, जितनी आज धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर से हुई हैं। उन्होंने कहा कि अब वह घर जाकर दावत करेंगी।

दोपहर से ही जुटने लगे थे प्रदर्शनकारी
इको गार्डन में प्रदर्शन के लिए युवा दोपहर करीब 1 बजे से ही जुटने लगे थे। प्रदर्शन के दौरान आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता मंच पर डफली बजाकर नारे लगाते रहे। कई अभ्यर्थी हाथों में ‘परीक्षा का पेपर ले लो’ जैसे स्लोगन लिखे पोस्टर लेकर भी पहुंचे थे।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और छात्रों के मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाई। प्रदर्शनकारियों ने छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज का विरोध करते हुए कार्रवाई और घायल छात्रों को मुआवजा देने की मांग भी की।
चंद्रशेखर आजाद ने पुलिस कार्रवाई का किया जिक्र
प्रदर्शन के दौरान नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने अपने संबोधन में पुराने आंदोलनों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि CAA-NRC के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ कथित तौर पर बर्बरता की थी। उन्होंने कहा कि वह पुलिस की बर्बरता को जानते हैं और इसी वजह से इस बार छात्रों के समर्थन में धरने पर बैठे हैं।
छात्र पंचायत ने दी युवाओं को बधाई
छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडेय ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रदर्शन में शामिल छात्रों और युवाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत और उनकी बुलंद आवाज की वजह से आज शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा।
लखनऊ विश्वविद्यालय में भी बांटे गए लड्डू
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर के बाद लखनऊ विश्वविद्यालय में भी छात्रों के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला। छात्रों ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर और नारे लगाकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे का जश्न मनाया।
प्रदर्शनकारियों ने लाठीचार्ज का भी किया विरोध
प्रदर्शन में शामिल आजाद समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव अनिकेत धनुक ने कहा कि 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाना गलत है और लाठीचार्ज में घायल हुए छात्रों को मुआवजा दिया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि लखनऊ का इको गार्डन अब दिल्ली के जंतर-मंतर की तरह बन गया है, जहां लोग अपनी आवाज उठाने के लिए पहुंच रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने छात्रों के अधिकारों और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी मांगें रखीं।
इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में युवा और कार्यकर्ता मौजूद रहे। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर के बाद प्रदर्शन स्थल का माहौल पूरी तरह बदल गया और विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने इसे अपनी मांग की जीत बताते हुए जश्न मनाया।
