रिपोर्ट :- ममता भारद्वाज
आगरा। आगरा के थाना जगनेर क्षेत्र स्थित रिछोहा गांव में बांध क्षेत्र से जमीन के नीचे से पानी निकलने का मामला सामने आया है। लगातार हो रही बारिश के कारण बांध में रिसाव होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते रिसाव नहीं रोका गया तो आसपास के कई गांव खतरे की चपेट में आ सकते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, रिसाव बढ़ने पर तुर्कपुरा, नगला उदयपाल, नगला हंसनु, सराय अहमद और तरहट गांव प्रभावित हो सकते हैं। इससे सैकड़ों परिवारों के सामने संकट खड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने मामले की सूचना प्रशासन को दे दी है।
बांध से हो रहे रिसाव के कारण खेतों में पानी भरना शुरू हो गया है। इससे मिर्च, टमाटर और बाजरे की फसलें जलमग्न होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है क्योंकि पानी का प्रवाह लगातार तेज हो रहा है।
सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारी पानी के रिसाव को रोकने और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
