रिपोर्ट- राहुल सहू
ललितपुर: जिले के बानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) से सरकारी अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां मरीजों को कथित तौर पर एक्सपायरी दवाएं वितरित किए जाने का आरोप लगा है
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में दवा लेने पहुंचे कुछ जागरूक ग्रामीणों ने दवाओं की एक्सपायरी डेट देखी और उसका वीडियो बना लिया। वीडियो में कथित तौर पर एक्सपायर दवाएं दिखाई दे रही हैं।
इसके बाद ग्रामीणों ने अस्पताल कर्मचारियों की लापरवाही पर सवाल उठाए और मामले को सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात कर्मचारियों की लापरवाही के चलते गरीब मरीजों की जान जोखिम में डाली जा रही थी। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों को तत्काल निलंबित करने की मांग की है।
फिलहाल, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
