रिपोर्ट:- ममता भारद्वाज, आगरा
आगरा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर आगरा के रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आगरा छावनी समेत प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर RPF और GRP ने सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले यात्रियों और उनके सामान की लगातार जांच की जा रही है।
सुरक्षा के तहत CCTV कैमरों और बैग स्कैनर के जरिए स्टेशन परिसर की निगरानी बढ़ाई गई है। प्लेटफॉर्म के साथ-साथ प्रवेश और निकास द्वारों पर भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
रेलवे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ट्रेनों के अंदर भी यात्रियों और संदिग्ध सामान की जांच कर रही हैं। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की जानकारी तत्काल सुरक्षा कर्मियों को दें। स्वतंत्रता दिवस को लेकर रेलवे प्रशासन किसी भी तरह की सुरक्षा चूक से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरत रहा है।
