Homeउत्तर प्रदेशएक साल से फरार सेक्स रैकेट की आरोपी लोला गिरफ्तार, लखनऊ पुलिस...

एक साल से फरार सेक्स रैकेट की आरोपी लोला गिरफ्तार, लखनऊ पुलिस ने दबोचा

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

पॉश इलाकों के लग्जरी अपार्टमेंट्स में कथित तौर पर देह व्यापार का नेटवर्क चलाने वाली उज्बेकिस्तान की महिला लोला कायूमोवा को करीब एक साल की तलाश के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार देर रात लखनऊ पुलिस और खुफिया एजेंसियों की संयुक्त टीम ने सुशांत गोल्फ सिटी स्थित ओमेक्स आर-2 अपार्टमेंट में छापेमारी कर लोला को पकड़ा।

पहचान बदलकर भारत में रहने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, पिछले साल सेक्स रैकेट का खुलासा होने के बाद से लोला फरार थी। जांच में उसके भारत में कथित तौर पर अवैध रूप से रहने, पहचान बदलने और विदेशी महिलाओं से जुड़े नेटवर्क संचालित करने की जानकारी सामने आई। गिरफ्तारी के बाद उसे खुफिया एजेंसियों के हवाले कर दिया गया है।

डीसीपी साउथ मोहम्मद मुस्ताक के मुताबिक, मामले में एफआरआरओ और पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई कर रही है। लोला और उसके कथित सहयोगियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।

प्लास्टिक सर्जरी के जरिए बदला चेहरा

जांच में यह भी सामने आया कि फरारी के दौरान लोला ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कथित तौर पर प्लास्टिक सर्जरी कराई थी। पुलिस जांच में गोमतीनगर के पत्रकारपुरम और अहिमामऊ में क्लीनिक चलाने वाले डॉ. विवेक गुप्ता का नाम भी सामने आया है। आरोप है कि विदेशी महिलाओं की पहचान छिपाने और उनके हुलिए में बदलाव के लिए सर्जरी की गई।

उज्बेकिस्तान की महिला लोला गिरफ्तार

जांच एजेंसियों के अनुसार, इन महिलाओं के पास वैध पासपोर्ट और वीजा दस्तावेज नहीं थे। वहीं, ओमेक्स आर-1 अपार्टमेंट में रहने वाले त्रिजिन राज उर्फ अर्जुन राणा पर भी नेटवर्क में सहयोग करने और महिलाओं के ठहरने की व्यवस्था संभालने का आरोप है।

FRRO की कार्रवाई में खुला था लोला का राज

कुछ समय पहले फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) की टीम ने न्यू हजरतगंज स्थित एक फ्लैट से उज्बेकिस्तान की दो महिलाओं को पकड़ा था। पूछताछ के दौरान दोनों भारत में रहने के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकीं। उन्होंने दस्तावेज करीब दो साल पहले खो जाने की बात कही, लेकिन उनके पास इसकी पुलिस शिकायत की प्रति भी नहीं थी।

पूछताछ के दौरान ही लोला कायूमोवा का नाम कथित मुख्य सरगना के तौर पर सामने आया था। इसके बाद से पुलिस और जांच एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं।

थाईलैंड में हुई थी डॉक्टर से मुलाकात

जांच के मुताबिक, लखनऊ का एक सर्जन कुछ समय पहले थाईलैंड गया था, जहां उसकी मुलाकात लोला से हुई। आरोप है कि इसके बाद वह लोला को भारत लेकर आया। बाद में लोला ने उज्बेकिस्तान से अपनी दो परिचित महिलाओं को भी बुलाया।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद गोमतीनगर और सुशांत गोल्फ सिटी के लग्जरी अपार्टमेंट्स से कथित तौर पर देह व्यापार का नेटवर्क संचालित किया जाने लगा। अब एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, विदेशी कनेक्शन और आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटाने में लगी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular