Homeउत्तर प्रदेशअमिताभ बच्चन ने यूपी पुलिस के ‘खाकी का सितारा’ को किया सलाम,...

अमिताभ बच्चन ने यूपी पुलिस के ‘खाकी का सितारा’ को किया सलाम, बोले- कुछ सितारे खाकी पहनकर जमीन पर चमकते हैं

न्यूज डेस्क, लखनऊ

प्रदेश पुलिस के पहले आधिकारिक एंथम ‘खाकी का सितारा’ का 6.5 मिनट लंबा वीडियो यूट्यूब पर रिलीज हो गया है। इस एंथम को लेकर महानायक अमिताभ बच्चन ने भी खास अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने यूपी पुलिस की ओर से साझा किए गए पोस्ट को कोट करते हुए लिखा, “कुछ सितारे आसमान में चमकते हैं… कुछ ख़ाकी पहनकर ज़मीन पर। ख़ाकी का सितारा।”

अमिताभ बच्चन की इस प्रतिक्रिया के बाद ‘खाकी का सितारा’ एक बार फिर चर्चा में आ गया है। यह एंथम सिर्फ एक म्यूजिक वीडियो नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस की ड्यूटी, जिम्मेदारी, साहस और जनसेवा के अलग-अलग पहलुओं को सामने लाने की कोशिश है।

महाकुंभ से स्वतंत्रता दिवस तक दिखी खाकी की कहानी

‘खाकी का सितारा’ की खास बात यह है कि इसे किसी एक कार्यक्रम के दौरान शूट नहीं किया गया। इसके लिए महाकुंभ 2025 से लेकर स्वतंत्रता दिवस 2026 तक अलग-अलग मौकों और परिस्थितियों में उत्तर प्रदेश पुलिस की ड्यूटी को कैमरे में कैद किया गया।

वीडियो में महाकुंभ जैसे बड़े आयोजन में पुलिस की जिम्मेदारी, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट, तकनीक के इस्तेमाल, आपदा एवं राहत कार्य और आम लोगों की मदद करते पुलिसकर्मियों की तस्वीर दिखाई गई है।

‘सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा’ बना संदेश

एंथम का मुख्य संदेश “सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा” है। इसमें पुलिस की सख्त भूमिका के साथ-साथ खाकी के संवेदनशील पक्ष को भी दिखाया गया है। वीडियो यह बताने की कोशिश करता है कि पुलिसकर्मी केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संकट की घड़ी में आम लोगों के बीच सबसे पहले पहुंचने और उनकी मदद करने की जिम्मेदारी भी निभाते हैं।

वीडियो में उन पुलिसकर्मियों की जिंदगी की झलक भी दिखाई गई है, जो परिवार से दूर रहकर त्योहारों, आयोजनों और मुश्किल परिस्थितियों में लगातार ड्यूटी करते हैं।

अमिताभ बच्चन और शंकर महादेवन की आवाज

‘खाकी का सितारा’ को देश के जाने-माने कलाकारों ने अपनी प्रतिभा दी है। इसमें अमिताभ बच्चन की आवाज, पद्मश्री शंकर महादेवन का स्वर और संगीत तथा गीतकार आलोक श्रीवास्तव के शब्द शामिल हैं। अभिनेता करण आनंद ने एंथम में पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई है।

शंकर महादेवन ने भी इस प्रोजेक्ट से जुड़ने को अपने लिए खास अनुभव बताया था। उन्होंने एंथम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार को समर्पित किया।

14 अगस्त को लोक भवन में हुआ था लॉन्च

‘खाकी का सितारा’ का औपचारिक लॉन्च 14 अगस्त को लखनऊ के लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। कार्यक्रम में शंकर महादेवन, नाना पाटेकर, आलोक श्रीवास्तव और करण आनंद समेत फिल्म और संगीत जगत से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।

इस मौके पर बड़ी संख्या में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और पुलिसकर्मी भी शामिल हुए। एंथम के जरिए उत्तर प्रदेश पुलिस की पिछले एक साल की विभिन्न जिम्मेदारियों और चुनौतियों को एक साथ प्रस्तुत किया गया।

कानून-व्यवस्था के साथ जनसेवा पर फोकस

उत्तर प्रदेश सरकार के लिए कानून-व्यवस्था लगातार प्रमुख प्राथमिकताओं में रही है। ऐसे में ‘खाकी का सितारा’ के जरिए पुलिस की भूमिका को एक अलग रचनात्मक अंदाज में सामने रखा गया है।

त्योहारों में भीड़ प्रबंधन हो, आपदा के दौरान राहत कार्य, महिला सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था या किसी बड़े आयोजन की सुरक्षा—वीडियो में खाकी के अलग-अलग रूप दिखाई देते हैं। यही इस एंथम का मूल संदेश है कि वर्दी के पीछे एक ऐसा इंसान है, जो अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए हर परिस्थिति में डटा रहता है।

अमिताभ बच्चन के शब्दों में, कुछ सितारे आसमान में चमकते हैं और कुछ खाकी पहनकर जमीन पर। ‘खाकी का सितारा’ इसी जमीनी सितारों यानी पुलिसकर्मियों के समर्पण और कर्तव्य को समर्पित किया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular