Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारी तेज, संगठनों का रजिस्ट्रेशन जरूरी

लखनऊ में जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारी तेज, संगठनों का रजिस्ट्रेशन जरूरी

रिपोर्ट- प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ में मंगलवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें ऑल इंडिया मोहम्मदी मिशन के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। बैठक में जुलूस में शामिल होने वाले विभिन्न संगठनों को व्यवस्थाओं और अनुशासन को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान भाईचारा और शांति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

ऑल इंडिया मोहम्मदी मिशन (यूथ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष फैजान फरंगी महली ने बताया कि 26 अगस्त को ईद मिलादुन्नबी के मौके पर दुनियाभर में पैगंबर मोहम्मद साहब की पैदाइश का जश्न मनाया जाएगा। इस अवसर पर लखनऊ में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। शहर के अलग-अलग इलाकों से जुलूस दरगाह शाह मीनार तक पहुंचेंगे, जहां दरगाह के मुफ्ती इरफान मियां विशेष दुआ करेंगे।

उन्होंने जुलूस में शामिल लोगों से अपील की कि रास्ते में इस बात का ध्यान रखा जाए कि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। बड़े झंडों को लपेटकर लाने की भी अपील की गई है।

जुलूस में शामिल संगठनों का रजिस्ट्रेशन जरूरी

जुलूस में बड़ी संख्या में धार्मिक झांकियां शामिल होती हैं। बैठक में जुलूस की व्यवस्था संभालने वाले सदस्यों के आई-कार्ड बनाने की बात कही गई। झंडे और झांकियों के साथ जुलूस में शामिल होने वाले सभी संगठनों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है।

जुलूस के दौरान एंबुलेंस और यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस को सौंपे गए जुलूस के रूट

फैजान फरंगी महली ने बताया कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जुलूस के मार्गों की सूची लखनऊ पुलिस कमिश्नर को भेज दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रूट और व्यवस्थाओं को लेकर लगातार चर्चा की जा रही है। जुलूस में शामिल होने वाले संगठनों की पूरी सूची भी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular