रिपोर्ट: दीपक अवस्थी
अजीतमल (औरैया)। अनंतराम-सोनासी मार्ग की जर्जर हालत राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। गुरुवार को प्राथमिक विद्यालय सोनासी की शिक्षामित्र साधना सड़क पर बने गड्ढे में फिसलकर गिर गईं, जिससे उन्हें चोटें आईं।

बताया गया कि करीब एक सप्ताह पहले प्राथमिक विद्यालय सोनासी की शिक्षिका निशा तिवारी भी इसी मार्ग पर बाइक से जाते समय गड्ढे के कारण फिसलकर गिर गई थीं। हादसे में उन्हें भी चोटें आई थीं। लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

पांच वर्षों से जर्जर है सड़क
ग्रामीणों के अनुसार, अनंतराम-सोनासी मार्ग पिछले पांच वर्षों से अधिक समय से खराब हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर जिम्मेदार विभाग की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों ने की जल्द मरम्मत की मांग
स्थानीय लोगों ने शासन और प्रशासन से अनंतराम-सोनासी मार्ग की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की गड्ढामुक्त सड़क योजना का असर इस मार्ग पर दिखाई नहीं दे रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी।
