रिपोर्ट -अंकित पाण्डेय
कुरारा (हमीरपुर)। अखिल भारतीय दृढ़ोमर वैश्य समाज की कुरारा महिला इकाई की ओर से बुधवार को हरियाली तीज उत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कुरारा स्थित आरएन गुरुकुलम में आयोजित कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीकृष्ण की आरती और बाल गोपाल को पालने में झूला झुलाकर किया गया। इसके बाद केक काटकर हरियाली तीज का उत्सव मनाया गया।

हरियाली तीज के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के खेल और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें ‘गलत जवाब दो’, ‘परिचित कंपनियों को हिंदी नाम से पहचानो’, ‘10 सेकंड में चूड़ी भरो’ और ‘गिलास उठाओ’ सहित कई मनोरंजक खेल शामिल रहे। महिलाओं ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। खेलों में विजेता महिलाओं और विजेता टीमों को विनर बैज लगाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिए। गीत-संगीत और नृत्य के बीच महिलाओं ने हरियाली तीज के उत्सव का जमकर आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

महिला मंडल की अध्यक्ष संगीता गुप्ता ने कार्यक्रम में पहुंची सभी महिलाओं का स्वागत किया। उन्होंने सभी को जलपान कराकर सम्मानित किया और आयोजन में शामिल होने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी संस्कृति व परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर देते हैं।
कार्यक्रम में महिला इकाई की महामंत्री सुनीता गुप्ता, संरक्षक मंडल की किरन गुप्ता और सीमा गुप्ता, उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता और आशा गुप्ता सहित सुषमा गुप्ता, नेहा गुप्ता, नर्मदा गुप्ता, प्रीति गुप्ता, रुचि गुप्ता, चिट्टी गुप्ता, गरिमा गुप्ता, निधि गुप्ता, रागिनी गुप्ता, रेनू गुप्ता, राधा गुप्ता, रेखा गुप्ता, प्राची गुप्ता और संध्या गुप्ता समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

महिला मंडल की ओर से सभी उपस्थित महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, बेहतर स्वास्थ्य, उन्नति और खुशहाली की कामना की गई। कार्यक्रम के समापन पर महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की बधाई दी और उत्सव की यादें साझा कीं।
