Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर: जनता दर्शन में DM ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित...

हमीरपुर: जनता दर्शन में DM ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित और स्थायी समाधान के निर्देश

रिपोर्ट – अंकित पाण्डेय

हमीरपुर। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए जिलाधिकारी अभिषेक गोयल द्वारा जनता दर्शन के अंतर्गत नियमित रूप से जनसुनवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में जनता की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने राजस्व, विकास, विद्युत, सड़क, पेयजल, भूमि विवाद, राशन, पेंशन सहित अन्य विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रार्थना-पत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

आवश्यकता के अनुसार तहसील एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को गूगल मीट के माध्यम से सीधे जोड़कर मौके पर ही समस्या की जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि समस्या के मूल कारण का परीक्षण करते हुए उसका स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले फरियादियों को अनावश्यक रूप से तहसील, ब्लॉक अथवा कलेक्ट्रेट के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर स्थानीय स्तर पर समाधान करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन मामलों का निस्तारण तहसील अथवा ब्लॉक स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से उच्च स्तर पर लंबित न रखा जाए। शिकायतकर्ता की संतुष्टि और समस्या का स्थायी समाधान ही शिकायत निस्तारण की वास्तविक कसौटी होनी चाहिए।

उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा विलंब न होने पाए।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular