रिपोर्ट – अंकित पाण्डेय
हमीरपुर। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था की जमीनी हकीकत जांचने के लिए अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह ने विकासखंड कुरारा के ग्राम जखेला और पचखुरा का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पेयजल व्यवस्था में कई खामियां सामने आईं।

जखेला में 300 घरों में लगा मिला टुल्लू पंप
ग्राम जखेला में निरीक्षण के दौरान करीब 300 घरों में जलापूर्ति पाइपलाइन से सीधे टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचने की बात सामने आई। इससे पाइपलाइन का दबाव कम हो रहा था और अंतिम छोर पर स्थित घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा था।

शिकायत मिलने के बाद पहुंची टीम ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया। ADM ने संबंधित अधिकारियों को पाइपलाइन की रिपेयरिंग कराने और अवैध रूप से लगाए गए टुल्लू पंप हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि पाइपलाइन पर सीधे पंप लगाना नियम विरुद्ध है और इससे दूसरे परिवारों को पानी की समस्या होती है।
पचखुरा में क्षतिग्रस्त मिले नल
पचखुरा गांव में निरीक्षण के दौरान चबूतरों पर लगे कई नल टूटे मिले। क्षतिग्रस्त नलों से पानी लगातार बहकर बर्बाद हो रहा था। इस पर ADM ने नाराजगी जताते हुए तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

विजय सिंह ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर घर तक समान रूप से पेयजल पहुंचाना है। पानी का विवेकपूर्ण उपयोग और पाइपलाइन व नलों की सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि पानी की बर्बादी और पेयजल व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

