Homeउत्तर प्रदेशआगरा: बेकाबू XUV ने एक्टिवा सवार दो सगे भाइयों को रौंदा, 20...

आगरा: बेकाबू XUV ने एक्टिवा सवार दो सगे भाइयों को रौंदा, 20 वर्षीय युवक की मौत

रिपोर्ट: ममता भारद्वाज 

आगरा के थाना लोहामंडी क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार XUV ने एक्टिवा सवार दो सगे भाइयों को टक्कर मार दी।

हादसे में 20 वर्षीय शारिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक, शारिक अपने बीमार बड़े भाई को डॉक्टर के पास ले जाने के लिए एक्टिवा से निकला था। दोनों भाई मदिया कटरा की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान तेज रफ्तार XUV ने उनकी एक्टिवा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शारिक सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया।

हादसे के बाद XUV छोड़कर फरार हुए सवार

बताया जा रहा है कि XUV में दो युवक और एक युवती सवार थे। हादसे के बाद सभी मौके से भाग निकले। पुलिस के मुताबिक, बिल्लोचपुरा क्रॉसिंग पर रेलवे फाटक बंद होने के बाद आरोपियों ने XUV को वहीं छोड़ दिया और फरार हो गए।

पुलिस को वाहन से शराब की बोतलें मिलने की भी बात सामने आई है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने XUV को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

परिवार में मचा कोहराम

शारिक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। जिस भाई को डॉक्टर के पास ले जाने के लिए शारिक घर से निकला था, उसी सफर में उसकी जान चली गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular