रिपोर्ट – अंकित पाण्डेय
हमीरपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने आज VVPAT वेयरहाउस एवं कार्यालय जिला निर्वाचन अधिकारी, हमीरपुर का निरीक्षण कर सुरक्षा, निगरानी एवं आगामी निर्वाचन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी तथा कार्यालय की व्यवस्थाओं को देखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस में स्थापित अग्निशमन प्रणाली (Fire Fighting System) की सुरक्षा की दृष्टि से मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) से एक बार विस्तृत जांच कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस एवं कार्यालय में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी को आग लगने अथवा किसी अन्य आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली आवश्यक सुरक्षा एवं बचाव प्रक्रिया की जानकारी दी जाए।
उन्होंने आगामी EVM FLC (First Level Checking) के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। कहा कि FLC से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को पूर्व में ही सुनिश्चित कर लिया जाए तथा प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा एवं निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जाए।

निरीक्षण के दौरान VVPAT वेयरहाउस एवं कार्यालय परिसर में स्थापित CCTV कैमरों एवं निगरानी व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। सभी कैमरे एवं निगरानी व्यवस्था सुचारू रूप से कार्यरत पाई गई।
परिसर में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया और नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के रूप में विवेक कुमार (सपा), अंकित (भाजपा) तथा वीरेन्द्र कुमार (बसपा) उपस्थित रहे।
