Homeउत्तर प्रदेशमथुरा में पहली बार 500 ड्रोन दिखाएंगे श्रीकृष्ण की लीलाएं, जन्माष्टमी पर...

मथुरा में पहली बार 500 ड्रोन दिखाएंगे श्रीकृष्ण की लीलाएं, जन्माष्टमी पर आसमान होगा कृष्णमय

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में इस बार जन्माष्टमी का उत्सव बेहद भव्य और खास होने जा रहा है। जन्मभूमि की पावन धरती के साथ इस बार आसमान भी कृष्णमय नजर आएगा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की रात पहली बार 500 ड्रोन के जरिए भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनकी लीलाओं का भव्य प्रदर्शन आसमान में किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ लक्ष्मी नागप्पन के मुताबिक, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 4 सितंबर की रात 9 से 10 बजे के बीच करीब 15 मिनट का ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा।

500 ड्रोन बनाएंगे कृष्ण जन्म और लीलाओं की 2आकृतियां

ड्रोन शो के दौरान 500 ड्रोन एक साथ आसमान में उड़ेंगे और अपनी रोशनी के जरिए भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर उनकी विभिन्न लीलाओं से जुड़ी आकृतियां और दृश्य प्रदर्शित करेंगे। यह शो करीब 3 से 4 किलोमीटर की दूरी तक दिखाई देगा

इससे जन्मभूमि और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी आसमान में होने वाली इस अनूठी कृष्ण लीला का आनंद ले सकेंगे।

हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं मथुरा

मथुरा में जन्माष्टमी का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व बेहद खास है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी की मध्यरात्रि में कंस के कारागार में अवतार लिया था। इसी कारण जन्मभूमि मंदिर में मध्यरात्रि के समय होने वाले जन्माभिषेक को देखने के लिए हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु मथुरा पहुंचते हैं।

इस बार श्रद्धालुओं को जन्मभूमि पर भगवान के जन्मोत्सव के साथ आसमान में उनकी लीलाओं का भव्य डिजिटल प्रदर्शन भी देखने को मिलेगा। ऐसे में मथुरा की जन्माष्टमी में आस्था, परंपरा और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

अयोध्या और सोमनाथ की तर्ज पर ड्रोन शो

धार्मिक आयोजनों में ड्रोन शो अब आकर्षण का नया माध्यम बन रहा है। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया स्थित श्री सांवलिया सेठ मंदिर में जन्माष्टमी के दौरान ड्रोन के जरिए भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का प्रदर्शन किया जा चुका है।

वहीं गुजरात के सोमनाथ मंदिर परिसर में भी ड्रोन शो के माध्यम से सोमनाथ के इतिहास, भगवान शिव और भारतीय संस्कृति से जुड़े दृश्य आसमान में प्रदर्शित किए गए हैं। उत्तर प्रदेश के अयोध्या, प्रयागराज और बनारस में भी ड्रोन शो आयोजित हो चुके हैं।

अब मथुरा में जन्मभूमि की पृष्ठभूमि में 500 ड्रोन के जरिए श्रीकृष्ण जन्म और उनकी लीलाओं का प्रदर्शन धार्मिक पर्यटन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular