रिपोर्ट :- ममता भारद्वाज
आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब थाना ताजगंज के सामने स्थित एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। यह हादसा सिंधी धर्मशाला के सामने हुआ। इमारत के अचानक धराशायी होने से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और लोग मौके से दूर हटने लगे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना ताजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास की स्थिति का निरीक्षण करते हुए लोगों से जानकारी जुटाई।
गनीमत रही कि जिस समय इमारत धराशायी हुई, उस वक्त उसके अंदर कोई मौजूद नहीं था। यही वजह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, इमारत के गिरने से आसपास के क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। इमारत किस वजह से गिरी, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत के अचानक गिरने से आसपास के लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। तेज आवाज के साथ इमारत के धराशायी होने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
फिलहाल राहत की बात यही है कि इस हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र की है।
