Homeउत्तर प्रदेशबहराइच अब पिछड़ेपन नहीं, विकास की पहचान: सीएम योगी

बहराइच अब पिछड़ेपन नहीं, विकास की पहचान: सीएम योगी

रिपोर्ट: न्यूज डेस्क, बहराइच

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के बाद बहराइच जैसे सीमावर्ती क्षेत्र को पिछड़ेपन का पर्याय बना दिया गया था। दशकों तक यहां रेल कनेक्टिविटी मीटरगेज तक सीमित रही, लेकिन अब डबल इंजन सरकार में बहराइच विकास और कनेक्टिविटी की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री सोमवार को बहराइच में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान वर्चुअली जुड़े रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ उन्होंने नेपालगंज रोड

(रुपईडीहा)-नानपारा-बहराइच रेलखंड और ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। सीएम योगी और रेल मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर स्पेशल ट्रेन को वाराणसी के लिए रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 56 किलोमीटर लंबे नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच रेलखंड को 730 करोड़ रुपये की लागत से ब्रॉडगेज में परिवर्तित किया गया है। पहली ट्रेन रुपईडीहा से बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी सिटी तक जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का आभार जताते हुए क्षेत्र के लिए चार अन्य ट्रेनों की घोषणा का भी स्वागत किया।

सालार मसूद के नाम पर आयोजन अब नहीं होता: योगी

सीएम योगी ने कहा कि करीब एक हजार वर्ष पहले महाराजा सुहेलदेव ने बहराइच में सालार मसूद का मुकाबला कर विदेशी आक्रांताओं से देश की रक्षा की थी। इसके बावजूद आजादी के बाद लंबे समय तक महाराजा सुहेलदेव को विस्मृत रखा गया।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में सालार मसूद के नाम पर उर्स और मेले आयोजित कर देश को अपमानित किया जाता रहा, लेकिन अब ऐसा कोई आयोजन नहीं होता। इसके बजाय महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक तैयार किया गया है।

रेल कनेक्टिविटी से बढ़ेंगे व्यापार और पर्यटन

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से भारत-नेपाल के सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे। इससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन और कृषि को बढ़ावा मिलेगा। कतर्नियाघाट जैसे ईको टूरिज्म केंद्र तक पहुंच आसान होगी और अयोध्या, वाराणसी व गोरखपुर जैसे धार्मिक केंद्रों से भी क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि बहराइच से खलीलाबाद तक नई रेललाइन बिछाई जा रही है। गोरखपुर-सिद्धार्थनगर-शोहरतगढ़-बलरामपुर होते हुए बहराइच और नेपालगंज रोड को जोड़ने की दिशा में भी काम आगे बढ़ रहा है।

माफिया और इंसेफेलाइटिस पर सरकार ने किया काम

योगी ने पिछली सरकारों पर माफिया को संरक्षण देने और इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी से होने वाली मौतों पर पर्दा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, अंबेडकरनगर, बस्ती, अयोध्या, सुल्तानपुर और सिद्धार्थनगर समेत कई जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने इंसेफेलाइटिस के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया और बीमारी पर नियंत्रण पाया। माफिया और इंसेफेलाइटिस दोनों को प्रदेश से समाप्त करने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि अब इस बीमारी का मौसम अभिभावकों के लिए पहले जैसी चिंता नहीं लाता।

नेपाल की आपदा पर जताई संवेदना

कार्यक्रम से पहले नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में भारत नेपाल के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि साझा सांस्कृतिक विरासत पर आधारित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपतिनाथ-काशी विश्वनाथ, गोरखा-गोरखपुर और जनकपुर-अयोध्या जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंध दोनों देशों की साझा विरासत को दर्शाते हैं।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular