Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में जन्माष्टमी पर आज होंगे 8 बड़े आयोजन ..

लखनऊ में जन्माष्टमी पर आज होंगे 8 बड़े आयोजन ..

रिपोर्ट : प्रिया बाजपेई शुक्ला

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार, 4 सितंबर को राजधानी लखनऊ कृष्ण भक्ति के रंग में रंगी नजर आएगी। शहर के अलग-अलग मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, राधा-कृष्ण लीला, डिजिटल झांकी, फूल बंगला, भजन संध्या, महारास और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। वहीं, रिजर्व पुलिस लाइंस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह में शामिल होंगे।

लखनऊ में जन्माष्टमी के प्रमुख आयोजन—

1. इस्कॉन मंदिर में 256 प्रकार का भोग


सुशांत गोल्फ सिटी स्थित इस्कॉन मंदिर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन होगा। मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभुजी के अनुसार, महोत्सव में महाअभिषेक, भगवान का दिव्य श्रृंगार, 256 प्रकार के भोग, संकीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही श्रील प्रभुपाद व्यास पूजा का विशेष आयोजन भी होगा।

2. पीएसी परिसर में शाम 7:30 बजे जन्मोत्स

35वीं वाहिनी पीएसी की ओर से पीएसी परिसर में शाम 7:30 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

3. अहमामऊ के बांके बिहारी मंदिर में रात 8 बजे कार्यक्रम


अहमामऊ स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में जगत गुरु आचार्य देवमुरारी के नेतृत्व में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम रात 8 बजे से शुरू होगा।

4. गणेशगंज में डिजिटल मूविंग झांकी

न्यू गणेशगंज स्थित रामा ग्लास हाउस में शाम 7 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और डिजिटल मूविंग झांकी का आयोजन होगा। आधुनिक तकनीक से तैयार की गई झांकी श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगी।

5. डालीगंज में बाल लीला और महारास


डालीगंज स्थित श्री माधव मंदिर में शाम 8 बजे श्रीराधामाधव का फूलों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा। इसके साथ कृष्ण बाल लीला और महारास का मंचन, पंचाभिषेक, भजन संध्या और आनंद उत्सव का आयोजन होगा।

6. खाटू श्याम मंदिर में बनेगा भव्य फूल बंगला


बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में शाम 8 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। मंदिर को देशी-विदेशी फूलों से सजाकर आकर्षक फूल बंगला तैयार किया गया है।

7. आलमबाग में माखन चोरी और राधा-कृष्ण लीला


आलमबाग के रामप्रसाद खेड़ा स्थित श्री भूलेश्वर खाटू श्याम मंदिर में रात 8 बजे बच्चे माखन चोरी और राधा-कृष्ण लीला का मंचन करेंगे। बच्चों की प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगी।

8. रिजर्व पुलिस लाइंस में CM योगी मनाएंगे जन्मोत्सव


रिजर्व पुलिस लाइंस में शाम 5:30 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस लाइंस में विशेष तैयारियां की गई हैं।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर लखनऊ में मंदिरों से लेकर धार्मिक स्थलों तक भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular