रिपोर्ट- प्रिया बीजेपी शुक्ला
मॉल एवेन्यू स्थित दरगाह ख्वाजा मोहम्मद नबी रजा शाह उर्फ दादा मियां का उर्स श्रद्धा और अकीदत के साथ जारी है। उर्स के चौथे दिन उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी दरगाह पहुंचे और चादर चढ़ाकर दुआ की। इस दौरान दरगाह के सज्जादानशीन सबाहत हसन शाह, फरहत हसन शाह समेत बड़ी संख्या में जायरीन मौजूद रहे।

चादरपोशी के दौरान दरगाह के सज्जादानशीन ने देश में अमन, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी। मंत्री दानिश आजाद ने कहा कि वह दादा मियां की दरगाह पर अक्सर आते हैं। उर्स के मौके पर यहां पहुंचकर चादर चढ़ाना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
दरगाह से मिलता है भाईचारे का संदेश
दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि दादा मियां की दरगाह से हमेशा आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सूफी-संतों ने देश की **गंगा-जमुनी तहजीब** को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि दरगाह पर सभी धर्मों के लोग पहुंचते हैं और अपनी श्रद्धा के साथ दुआ मांगते हैं। सज्जादानशीन सबाहत हसन शाह सभी लोगों को साथ लेकर चलते हैं। भारत सर्वधर्म समभाव वाला देश है, जहां हर व्यक्ति को अपनी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आस्था और परंपराओं का पालन करने की स्वतंत्रता है।
धर्म की अच्छी बातों को आगे बढ़ाने की जरूरत
मंत्री ने कहा कि समाज में धर्म की सकारात्मक और अच्छी बातों का प्रचार-प्रसार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर सच्चे मन और श्रद्धा के साथ पहुंचना चाहिए।
दानिश आजाद ने कहा कि सूफी संतों ने हमेशा मानव सेवा और जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया। समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सहायता करना सभी की जिम्मेदारी है। एक-दूसरे की भलाई और सहयोग से ही समाज मजबूत और आगे बढ़ सकता है।
उन्होंने कहा कि सभी धर्मों की मूल भावना में एकता, भाईचारे और मानव सेवा का संदेश निहित है, जिसे समाज में आगे बढ़ाने की जरूरत है।
