Homeउत्तर प्रदेशगरीब राजभर समाज में पैदा हुआ, इसलिए मेरी पैदाइश पर टिप्पणी: ओम...

गरीब राजभर समाज में पैदा हुआ, इसलिए मेरी पैदाइश पर टिप्पणी: ओम प्रकाश राजभर

लखनऊ। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपनी पैदाइश को लेकर की गई टिप्पणी पर सपा नेता ओम प्रकाश सिंह पर तीखा पलटवार किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने ओम प्रकाश सिंह को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दो दिनों से उनके बयान सामने आ रहे हैं। बयान सुनकर उन्हें हैरानी नहीं, बल्कि उन पर तरस आया।

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि उनकी पैदाइश पर टिप्पणी इसलिए की गई, क्योंकि वह किसी जमींदार या ऊंची जाति में नहीं, बल्कि बेहद गरीब और असहाय राजभर समाज में पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें राजभर होने का कभी दुख नहीं रहा, बल्कि इस बात की खुशी है कि जिस समाज में जन्म लिया, उसके लिए कुछ करने की नीयत और हौसला उनके अंदर है।

बोले- माता-पिता का अपमान करना हमारे संस्कार नहीं

राजभर ने कहा कि वह भी ओम प्रकाश सिंह पर अनर्गल टिप्पणी कर सकते हैं, लेकिन छोटी जाति में पैदा होने के बावजूद राजभर समाज ने किसी के माता-पिता पर गलत बयानबाजी करना नहीं सिखाया। उन्होंने ओम प्रकाश सिंह के माता-पिता को प्रणाम करते हुए कहा कि कौन व्यक्ति कब, कहां, किस कुल और किस जाति में पैदा होगा, यह कोई इंसान तय नहीं करता। इसे परमात्मा तय करते हैं।

सपा पर भी साधा निशाना

ओम प्रकाश राजभर ने इसके बाद समाजवादी पार्टी और ओम प्रकाश सिंह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शायद वे लोग ईश्वर को नहीं मानते। अगर मानते होते तो भगवान राम, रघुकुल, सूर्यवंश और सनातन का अपमान करने वाली समाजवादी पार्टी में विधानसभा टिकट के लिए अपमान का घूंट पीकर नहीं पड़े रहते।

उन्होंने कहा कि वह कर्म करने में विश्वास रखते हैं और कर्म के फल की चिंता नहीं करते। राजभर समाज के साथ पिछड़ों, दलितों और शोषितों की आवाज बुलंद करने का प्रण लिया है और उसी दिशा में काम कर रहे हैं।

बोले- जनता सब देख रही है

राजभर ने ओम प्रकाश सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें सपा का टिकट चाहिए तो वह जरूर लें। जनता सब देख रही है। जनता उन्हें भी देख रही है और उनकी पार्टी को भी। समय आने पर इसका नतीजा भी जनता ही देगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं है कि ओम प्रकाश सिंह अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगेंगे और वह उनसे माफी की अपेक्षा भी नहीं रखते। हालांकि उन्होंने कहा कि ओम प्रकाश सिंह को एक बार अपने माता-पिता को याद करके जरूर सोचना चाहिए कि उनके जैसे छोटी जाति में पैदा हुए व्यक्ति की पैदाइश को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना उचित है या नहीं।

राजभर ने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा कि बाकी ईश्वर उनका भला करे और ‘जय श्रीराम’ के साथ संदेश समाप्त किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular