Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में आशा वर्कर्स का प्रदर्शन, डिप्टी सीएम आवास का किया घेराव

लखनऊ में आशा वर्कर्स का प्रदर्शन, डिप्टी सीएम आवास का किया घेराव

रिपोर्ट- प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के 75 जिलों से आईं आशा वर्कर्स ने बुधवार को अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर लखनऊ में प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन के बैनर तले बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक के आवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की।

आशा वर्कर्स का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन अभी तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग मानदेय में बढ़ोतरी की है। उन्होंने प्रतिमाह 25 हजार रुपये वेतन/मानदेय दिए जाने की मांग की।

स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने का दावा

फतेहपुर से आईं आशा कार्यकर्ता पूनम ने बताया कि प्रदेश में करीब 1.57 लाख आशा कार्यकर्ता तैनात हैं। उनका कहना है कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

आशा कार्यकर्ता गर्भवती महिलाओं की देखभाल, प्रसव के बाद जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी, बच्चों के स्वास्थ्य, टीकाकरण, नसबंदी और परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने का काम करती हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में भी उनकी भूमिका रहती है।

कम मानदेय को लेकर जताई नाराजगी

प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने कम मानदेय को लेकर नाराजगी जताई। पूनम ने कहा कि मौजूदा भुगतान में परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने सरकार से आशा कार्यकर्ताओं के काम और जिम्मेदारियों को देखते हुए मानदेय बढ़ाने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एक ओर सरकार महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर आशा कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत के अनुरूप भुगतान नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बेहद कम राशि में लंबे समय तक काम करना पड़ता है।

एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि वे छोटे बच्चों और परिवार की जिम्मेदारियों के बावजूद काम कर रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से आशा कार्यकर्ताओं की स्थिति पर ध्यान देने और उनकी मांगों पर कार्रवाई करने की अपील की।

RELATED ARTICLES

Most Popular