Homeउत्तर प्रदेशपीएम मोदी के जन्मदिन पर वाराणसी में जुटेंगे NDA के मुख्यमंत्री, 17...

पीएम मोदी के जन्मदिन पर वाराणसी में जुटेंगे NDA के मुख्यमंत्री, 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान

न्यूज डेस्क, वाराणसी

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर 17 सितंबर को वाराणसी में NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कई वरिष्ठ नेता जुटेंगे। कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने का कार्यक्रम है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत अन्य नेता भी वाराणसी में मौजूद रहेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान देशभर में अलग-अलग सेवा और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वडनगर और वाराणसी से निकलेगी बाइक रैली

अभियान के तहत प्रधानमंत्री मोदी के जन्मस्थान गुजरात के वडनगर और उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी से दो बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। ‘वडनगर से वाराणसी’ और ‘वाराणसी से वडनगर’ बाइक यात्राओं को 17 सितंबर को दोनों शहरों से एक साथ हरी झंडी दिखाई जाएगी। दोनों यात्राओं का समापन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है।

वडनगर में आयोजित फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल समेत कई नेता शामिल होंगे।

40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेगी यात्रा

आयोजकों के मुताबिक दोनों दिशाओं में होने वाली बाइक यात्रा करीब 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और करीब 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। इसमें देशभर से करीब 1,000 युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है।

वडनगर से शुरू होने वाली यात्रा वाराणसी पहुंचने से पहले देश के अलग-अलग हिस्सों से होकर गुजरेगी, जबकि वाराणसी से शुरू होने वाली बाइक यात्रा वडनगर की ओर बढ़ेगी।

जन्मदिन पर देशभर में होंगे सेवा कार्यक्रम

भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से सेवा और सामाजिक गतिविधियों के जरिए अभियान को देशभर में चलाने की तैयारी की गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular