लखनऊ। राजधानी में आवासीय विस्तार को नई दिशा देने वाली एलडीए की बहुप्रतीक्षित वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजना का शुभारंभ 24 सितंबर को होगा। इसी दिन दोनों योजनाओं में भूखंडों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। योजनाओं के तहत अलग-अलग आय वर्गों के लिए 72 से 450 वर्ग मीटर तक के भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 सितंबर को शाम चार बजे आगरा एक्सप्रेसवे के पास आयोजित कार्यक्रम में इन योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही पार्क व्यू, लेक व्यू, ऐशबाग स्क्वायर, वागेश्वरी और अदिति अपार्टमेंट परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया जाएगा। इन आवासीय परियोजनाओं से करीब 10 हजार लोगों को भूखंड और फ्लैट मिलने की संभावना है।
2800 से 3800 रुपये प्रति वर्ग फीट तक होगी दर
एलडीए की वरुण विहार योजना में भूखंडों की बिक्री 2800 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर से की जाएगी, जबकि नैमिष नगर योजना में भूखंड की दर 3800 रुपये प्रति वर्ग फीट निर्धारित की गई है। दोनों योजनाओं में अलग-अलग आकार के भूखंड रखे गए हैं और इन्हें विभिन्न आय वर्गों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत आगरा एक्सप्रेसवे के पास 6580 एकड़ क्षेत्र में वरुण विहार योजना विकसित की जा रही है। इसके काशी और कैलाश खंड में कुल 1926 भूखंड प्रस्तावित हैं। वहीं सीतापुर रोड के आसपास 3600 एकड़ क्षेत्र में नैमिष नगर योजना विकसित की जा रही है, जिसमें 1084 भूखंड शामिल हैं।
वरुण विहार में 112.5 से 450 वर्ग मीटर तक के भूखंड
वरुण विहार योजना में 112.5 वर्ग मीटर के 1144, 162 वर्ग मीटर के 268, 200 वर्ग मीटर के 340, 288 वर्ग मीटर के 30, 300 वर्ग मीटर के 39 और 450 वर्ग मीटर के 105 भूखंड शामिल हैं।
वहीं नैमिष नगर में 72 वर्ग मीटर के 173, 112.5 वर्ग मीटर के 327, 162 वर्ग मीटर के 282, 200 वर्ग मीटर के 218, 288 वर्ग मीटर के 66 और 450 वर्ग मीटर के 18 भूखंड प्रस्तावित हैं।
18 से 45 मीटर चौड़ी सड़कों से जुड़ेंगे भूखंड
दोनों आवासीय योजनाओं में 18 से 45 मीटर चौड़ी सड़कों पर भूखंड विकसित किए जा रहे हैं। एलडीए के मुताबिक, योजनाओं के विकास से राजधानी के विस्तार को गति मिलने के साथ आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए नए क्षेत्र तैयार होंगे।
वरुण विहार और नैमिष नगर के विकास से लखनऊ के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में सड़क, आवासीय क्षेत्र और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को भी गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां तेज
वरुण विहार योजना के शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर काकोरी में आगरा एक्सप्रेसवे के पास तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर जमीन को समतल करने का काम चल रहा है। वाहनों के लिए तीन पार्किंग बनाई जा रही हैं, जिसमें वीआईपी पार्किंग भी शामिल है। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले रास्तों को चौड़ा किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। एलडीए की ओर से कार्यक्रम स्थल की तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम किया जा रहा है।
पांच अपार्टमेंट परियोजनाओं का भी शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान पांच अपार्टमेंट परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा। इनमें बसंतकुंज में पार्क व्यू, गोमती नगर में लेक व्यू, शारदा नगर विस्तार में वागेश्वरी, अनंत नगर में अदिति और मिल रोड ऐशबाग में ऐशबाग स्क्वायर शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के साथ एलडीए राजधानी में नए आवासीय विकल्पों का विस्तार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
