रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा
कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत मंगलवार को महिला महाविद्यालय में ‘विकसित भारत संकल्प’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और वर्ष 2047 के विकसित भारत को लेकर अपने विचार साझा किए।
छात्राओं ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2047 का भारत अपराध मुक्त, शिक्षित, भ्रष्टाचार मुक्त, सशक्त, आत्मनिर्भर और सुरक्षित होना चाहिए। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही शिक्षा व्यवस्था और विकास को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के
मुख्य अतिथि भाजपा कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने छात्राओं के विचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, शिक्षा, रोजगार और तकनीकी विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में महेश त्रिवेदी, प्रतिभा श्रीवास्तव, वंदना शर्मा, रश्मि चतुर्वेदी, डॉ. निशी सिंह, मेघना श्रीवास्तव, प्रो. ज्योति किरण, डॉ. रेनू श्रीवास्तव, डॉ. पारुल अवस्थी, डॉ. इंदु मिश्रा और डॉ. अर्चना मिश्रा सहित शिक्षकगण, छात्राएं और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

