रिपोर्ट – अजयपाल यादव
बदायूं। अलापुर थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी जुम्मन को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की गोली लगने से एक दरोगा घायल हो गए। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दरअसल, 7 सितंबर को अलापुर क्षेत्र के गौरामई गांव में गोकशी की घटना सामने आई थी। मामले में जुम्मन पर बछड़ा चोरी कर गोकशी कराने का आरोप था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि जुम्मन फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि जुम्मन ककराला क्षेत्र में छिपा हुआ है। थानाध्यक्ष सनी चौधरी ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी की। रात करीब 10:15 बजे पुलिस ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो वह ईंट भट्ठे की ओर भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान गोली लगने से एसआई कमर अहमद घायल हो गए।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें जुम्मन के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
फिलहाल घायल एसआई कमर अहमद और आरोपी जुम्मन का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
