Homeउत्तर प्रदेशसीएम योगी आज लॉन्च करेंगे भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना,...

सीएम योगी आज लॉन्च करेंगे भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना, किसानों को 6 लाख तक का ऋण

रिपोर्ट – प्रिया बाजपई शुक्ला

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार, 23 सितंबर को राजधानी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे आयोजित होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के ई-पोर्टल mkksylb.in, सहकारिता विभाग के उर्वरक सेतु मोबाइल ऐप और उत्तर प्रदेश को-ऑपरेटिव डेटाबेस सेंटर के मोबाइल ऐप यूपीसीडीसी की भी लॉन्चिंग की जाएगी।

भारत टैक्सी को लेकर होगा एमओयू

कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी, लखनऊ मेट्रो रेल, लखनऊ पुलिस और भारत टैक्सी के बीच एमओयू किया जाएगा। इसके साथ ही सरकार की ओर से भारत टैक्सी से जुड़े सारथियों को शेयर प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थी किसानों को ऋण स्वीकृति पत्र भी वितरित करेंगे।

6 प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा 6 लाख तक का ऋण

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत प्रदेश के किसान सहकारी ग्राम विकास बैंकों से 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालिक ऋण 6 प्रतिशत ब्याज दर पर ले सकेंगे। योजना में नियमित रूप से ऋण चुकाने वाले पुराने किसानों और ऋणियों को भी ब्याज अनुदान का लाभ मिल सकेगा।

योजना के तहत किसानों के ऋण की स्वीकृति ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। सरकार ने अगले पांच वर्षों में करीब 5 लाख किसानों को योजना का लाभ देने का लक्ष्य रखा है।

योजना के लिए 384 करोड़ रुपये स्वीकृत

उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक से अब तक किसानों को करीब 11 से 11.50 प्रतिशत ब्याज पर ऋण मिलता था। सरकार ने इसे घटाकर 6 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के लिए सरकार की ओर से 384 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जयेंद्र प्रताप सिंह राठौर और राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular