Homeनई दिल्लीसेवा संकल्प यात्रा के यात्रियों से पीएम मोदी ने की बातचीत, बोले-...

सेवा संकल्प यात्रा के यात्रियों से पीएम मोदी ने की बातचीत, बोले- वडनगर मेरी जन्मभूमि, काशी कर्मभूमि

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही ‘सेवा यात्रा’ में शामिल यात्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की। इस दौरान उन्होंने यात्रा से जुड़े युवा प्रतिभागियों का अभिनंदन किया और उनके अनुभव सुने। यह अभियान प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है। अभियान के तहत युवाओं को सामुदायिक सेवा से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

वडनगर और काशी का किया जिक्र

बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने वडनगर और वाराणसी को ऐतिहासिक और जीवंत शहर बताया। उन्होंने कहा कि वडनगर उनकी जन्मभूमि है, जबकि काशी उनकी कर्मभूमि है। उन्होंने दोनों शहरों के बीच सेवा के उद्देश्य से निकली यात्रा से जुड़ने पर युवाओं की सराहना की और कहा कि यात्रियों के अनुभव सुनकर उन्हें ऐसा लगा, जैसे वह भी उनके साथ यात्रा कर रहे हों।

गांवों-कस्बों से गुजर रही यात्रा

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली है। उन्होंने युवाओं के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों को करीब से जानने, विभिन्न सामाजिक वर्गों से मिलने और उनकी आकांक्षाओं को समझने को जरूरी बताया।

यात्रा के दौरान युवा प्रतिभागी गांवों, कस्बों और विभिन्न जिलों से गुजरते हुए स्थानीय लोगों से संवाद कर रहे हैं। इसके साथ ही सफाई अभियान और अन्य सामुदायिक गतिविधियों में भी हिस्सा लिया जा रहा है।

7 अक्टूबर तक चलेगी सेवा यात्रा

वडनगर और वाराणसी के बीच दोतरफा मोटरसाइकिल यात्रा 7 अक्टूबर तक चलेगी। यात्रा में शामिल युवा विभिन्न राज्यों और जिलों से गुजरते हुए सेवा गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। स्कूलों, अस्पतालों और अन्य सामुदायिक स्थलों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर को हुई थी। अभियान के तहत देशभर में सेवा और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular