लखनऊ। राजधानी लखनऊ के तेजी से हो रहे विस्तार और आने वाले वर्षों की जरूरतों को देखते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने दो बड़ी आवासीय योजनाओं की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि पूजन कर वरुण विहार और नैमिष नगर टाउनशिप का औपचारिक शुभारंभ किया। करीब 12,000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से दोनों योजनाओं को लगभग 10,680 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा।
4,520 आवासीय भूखंडों के लिए आवेदन शुरू
मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत दोनों टाउनशिप में पहले चरण में कुल 4,520 आवासीय भूखंड उपलब्ध कराए गए हैं। इनके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक लोग 24 अक्टूबर 2026 तक LDA की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने करीब 2,166 करोड़ रुपये की लागत वाली पांच बहुमंजिला आवासीय परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद विभिन्न आय वर्गों के लोगों को आधुनिक आवास उपलब्ध होंगे। बताया गया है कि सभी आवासीय योजनाओं के विकसित होने से शहर में पांच लाख से अधिक लोगों को आवासीय सुविधा मिल सकेगी।
4,100 एकड़ में विकसित होगा नैमिष नगर
सीतापुर मार्ग के आसपास करीब 4,100 एकड़ क्षेत्र में नैमिष नगर टाउनशिप विकसित की जा रही है। इसे उत्तरी लखनऊ के विस्तार और विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में तैयार किया जाएगा। धार्मिक स्थलों के नजदीक होने के कारण यहां आध्यात्मिक और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
योजना के पहले चरण में 72 से 450 वर्गमीटर तक के कुल 1,673 आवासीय भूखंड शामिल हैं। इनकी दर 3,800 रुपये प्रति वर्गफीट निर्धारित की गई है। टाउनशिप में शिक्षा केंद्र, ध्यान केंद्र, सांस्कृतिक परिसर और शॉपिंग स्ट्रीट जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
6,580 एकड़ में बनेगी वरुण विहार टाउनशिप
आगरा एक्सप्रेस-वे के आसपास करीब 6,580 एकड़ क्षेत्र में वरुण विहार टाउनशिप विकसित की जाएगी। इसे आधुनिक और सेल्फ-सस्टेनेबल टाउनशिप के रूप में विकसित करने की योजना है।
पहले चरण में यहां 112.5 से 450 वर्गमीटर तक के 2,847 आवासीय भूखंड उपलब्ध कराए गए हैं। इनकी कीमत 2,800 रुपये प्रति वर्गफीट रखी गई है।
वरुण विहार में अंतरराष्ट्रीय स्तर के गोल्फ कोर्स, स्पोर्ट्स हब और बड़े ग्रीन बेल्ट विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही गोमती नगर, बसंत कुंज और मोहान रोड क्षेत्रों में विभिन्न आय वर्गों के लिए बहुमंजिला आवासीय परियोजनाएं भी विकसित की जा रही हैं।
लखनऊ के विस्तार के साथ इन दोनों टाउनशिप को शहर के भविष्य के आवासीय और आधुनिक बुनियादी ढांचे का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
