Homeउत्तर प्रदेशमिशन शक्ति और साइबर अपराध के प्रति पुलिस ने ग्रामीणों को किया...

मिशन शक्ति और साइबर अपराध के प्रति पुलिस ने ग्रामीणों को किया जागरूक

रिपोर्ट: अमित शुक्ला

ऐरवा कटरा (औरैया)। ऐरवा कटरा थाना क्षेत्र के तुर्कपुर यासीन गांव में रविवार को पुलिस ने चौपाल लगाकर मिशन शक्ति और साइबर अपराध जागरूकता अभियान चलाया।

थानाध्यक्ष गंगादास गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महिलाओं, बालिकाओं, पुरुषों और बच्चों को महिला सुरक्षा, साइबर ठगी से बचाव तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

चौपाल के दौरान पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए और जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

महिलाओं को वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में बताया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 102 और 108 नंबरों की उपयोगिता भी समझाई गई।

पुलिस टीम ने साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करते हुए ग्रामीणों से अनजान लिंक पर क्लिक न करने और किसी के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं करने की अपील की। पुलिस ने बताया कि थोड़ी सी सतर्कता बरतकर ऑनलाइन ठगी से बचा जा सकता है।

इस दौरान ग्रामीणों को विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना समेत विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

अभियान में मुख्य आरक्षी सर्वेश कुमार, आरक्षी ऋषभ कुमार, आलोक गुप्ता, रामरूप, महिला मुख्य आरक्षी शशि प्रभा तथा आरक्षी मेघा, शीतल और आरती मौजूद रहीं।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular