Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन, बैरिकेडिंग पर...

लखनऊ में भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन, बैरिकेडिंग पर चढ़ीं महिलाएं

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। हजरतगंज स्थित वीवीआईपी गेस्ट हाउस पर एकत्र हुईं महिला कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं।

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाए गए और महिलाओं के सम्मान का मुद्दा उठाया गया। भाजपा ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस कार्यालय के बाहर महिला कार्यकर्ताओं ने जमीन पर बैठकर तालियां बजाईं और नारेबाजी की। इस दौरान कुछ महिलाएं बैरिकेडिंग पर चढ़ने लगीं, जिन्हें पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। वहीं, कुछ कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर फाड़ दिए।

 महिला पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में महिला पार्षदों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। भाजपा नेताओं का आरोप था कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी SIR के मुद्दे पर गलत जानकारी फैलाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। इसी के विरोध में महिला मोर्चा ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

 सरोज कुशवाहा बोलीं- कांग्रेस ने नारी शक्ति का अपमान किया

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस का रवैया दोहरा है। महिला मोर्चा महिलाओं के स्वाभिमान और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगा।

उन्होंने कांग्रेस के एक सांसद पर महिलाओं और लड़कियों से जुड़े मामलों में बचाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं के उत्पीड़न से संबंधित मामलों में गंभीरता से कार्रवाई होनी चाहिए और न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान किया जाना चाहिए।

सरोज कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का जिक्र करते हुए महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा महिलाओं के स्वाभिमान की रक्षा के लिए विरोध जारी रखेगा।

 प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने उठाए रोजगार और महंगाई के मुद्दे

प्रदर्शन के दौरान एक अलग तस्वीर भी सामने आई। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के सड़रौना से आई एक महिला ने बताया कि उन्हें प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि प्रदर्शन किस मुद्दे पर और किसके खिलाफ हो रहा है।

वहीं, सड़रौना की सुषमा देवी ने कहा कि उनके बच्चों को रोजगार नहीं मिल रहा है, भर्तियां नहीं निकल रही हैं और महंगाई बढ़ गई है। उन्होंने इन समस्याओं को लेकर भी नाराजगी जताई।

प्रदर्शन के दौरान जहां भाजपा महिला मोर्चा के नेताओं ने महिलाओं के सम्मान और SIR के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा, वहीं कुछ महिला प्रतिभागियों के बयानों से रोजगार और महंगाई जैसे मुद्दे भी सामने आए।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular