Homeउत्तर प्रदेशरामलीला महोत्सव के दूसरे दिन रावण दिग्विजय से राम जन्म तक की...

रामलीला महोत्सव के दूसरे दिन रावण दिग्विजय से राम जन्म तक की लीलाओं का मंचन

रिपोर्ट – अमित शुक्ला

ऐरवा कटरा। कस्बे में आयोजित 130वें आदर्श रामलीला महोत्सव के दूसरे दिन ऐरवा टीकुर स्थित रामलीला मंच पर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। कार्यक्रम का शुभारंभ ऐरवा कटरा थाना प्रभारी गंगादास गौतम ने फीता काटकर और भगवान श्रीराम की आरती-पूजन के साथ किया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम की वंशावली, हनुमान चालीसा और रामचरितमानस से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। धार्मिक ग्रंथों के विभिन्न प्रसंगों और उनके संदेशों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं को ज्ञानवर्धक जानकारी दी। उनके संबोधन की दर्शकों ने तालियां बजाकर सराहना की।

रामलीला कमेटी के उपाध्यक्ष रानू पालीवाल ने थाना प्रभारी के धार्मिक ज्ञान और रामायण के प्रति उनकी रुचि की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की व्यस्त जिम्मेदारियों के बीच अधिकारियों के लिए सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में समय निकालना आसान नहीं होता। ऐसे में थाना प्रभारी गंगादास गौतम की उपस्थिति और धार्मिक ग्रंथों के प्रति उनकी जानकारी सराहनीय है।

रावण दिग्विजय से राम जन्म तक की लीलाओं का मंचन

महोत्सव के दूसरे दिन रामलीला मंच पर रावण दिग्विजय से लेकर भगवान श्रीराम के जन्म तक की लीलाओं का सजीव मंचन किया गया। कलाकारों ने विभिन्न प्रसंगों को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत कर दर्शकों को धार्मिक कथाओं से जोड़ा। वहीं, हास्य कलाकार विनोद कक्कड़ ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को खूब हंसाया। कार्यक्रम के दौरान रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

थाना प्रभारी और उपनिरीक्षक का किया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी गंगादास गौतम और उपनिरीक्षक हबीब खान का पटका पहनाकर तथा भगवान श्रीराम का चित्र भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया।

इस अवसर पर रामलीला कमेटी के प्रबंधक इंद्रप्रकाश तिवारी, अध्यक्ष एवं प्रधान सरमन सिंह, उपाध्यक्ष रानू पालीवाल, पूर्व प्रधान वीरेंद्र कुमार यादव, मनोज शर्मा, प्रधान अरुण कुशवाह, मोहित कुशवाह, गौरव गुप्ता, पदम नारायण तिवारी, कपिल गौतम, ब्रिगेडियर तिवारी, नेता तिवारी सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular