रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के ईको गार्डन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारी एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर बड़ा प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदेश के सभी 75 जिलों से कर्मचारी राजधानी पहुंचे हैं। प्रदर्शनकारी संविदा नौकरी को स्थायी करने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से संविदा पर काम करने के बावजूद उन्हें स्थायी नौकरी का लाभ नहीं मिल रहा है।

कर्मचारियों ने साफ किया है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के चलते ईको गार्डन में कर्मचारियों की भारी भीड़ जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, इस आंदोलन की शुरुआत 8 अक्टूबर को हुई थी। आज प्रदर्शन का पांचवां दिन है। कर्मचारियों का दावा है कि सोमवार को अब तक की सबसे ज्यादा भीड़ राजधानी लखनऊ में जुटी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे कर्मचारी एकजुट होकर अपनी मांगों को उठा रहे हैं।
फिलहाल, NHM कर्मचारियों की प्रमुख मांग संविदा सेवा को स्थायी करने की है। अब देखना होगा कि कर्मचारियों के लगातार जारी प्रदर्शन के बीच शासन की ओर से क्या कदम उठाया जाता है और उनकी मांगों पर कब तक कोई निर्णय लिया जाता है।

