रिपोर्ट – अमित शुक्ला
औरैया जिले के ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के उदईपुर गांव में सोमवार को अरिंद नदी में डूबने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक ने गांव के किनारे नदी पर बने पुराने पुल से छलांग लगा दी थी।
उसके काफी देर तक पानी से बाहर नहीं आने पर ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने करीब पांच घंटे के तलाशी अभियान के बाद शव बरामद कर लिया। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, उदईपुर गांव निवासी प्रताप सिंह कठेरिया का 23 वर्षीय पुत्र विकास कठेरिया सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गांव के किनारे स्थित अरिंद नदी पर बने पुराने पुल से नदी में कूद गया।
काफी देर तक विकास के पानी से बाहर नहीं आने पर आसपास मौजूद ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलाया और नदी में उतरकर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन तेज बहाव के कारण उसका पता नहीं चल सका।
घटना की जानकारी मिलते ही विकास का बड़ा भाई अंकुश और परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। युवक की तलाश के लिए पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।
सूचना पर थानाध्यक्ष गंगादास गौतम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, उपजिलाधिकारी कमल कुमार सिंह राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर नदी में तलाशी अभियान चलाया गया।
एसडीआरएफ की टीम शाम करीब चार बजे घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने नदी में तलाश शुरू की और करीब आधे घंटे के अभियान के बाद विकास का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विकास अविवाहित था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।
