रिपोर्ट: अचल प्रताप सिंह
बरेली की जिला सूचना अधिकारी नीतू कन्नौजिया की बहन अनीता कन्नौजिया की लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव चिनहट थाना क्षेत्र के चक मल्हार स्थित ससुराल में जमीन पर पड़ा मिला।
ससुराल पक्ष की ओर से आत्महत्या की बात कही गई है, जबकि मायके वालों ने पति और सास पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों की मांग पर डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, जिला सूचना अधिकारी नीतू कन्नौजिया का परिवार लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में रहता है। उनकी बहन अनीता की शादी 19 अप्रैल 2014 को राहुल कन्नौजिया से हुई थी। राहुल टाटा मोटर्स में ऑडिट इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें 11 वर्षीय बेटा और चार साल की बेटी शामिल हैं।
नीतू कन्नौजिया का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उनके मुताबिक, पति की कुछ अनुचित बातों और व्यवहार के कारण अनीता मानसिक रूप से परेशान रहती थीं।
वह कई बार परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप में अपनी परेशानी भी साझा कर चुकी थीं। हालांकि, परिवार टूटने से बचाने की उम्मीद में मायके वालों ने पहले कोई शिकायत नहीं की।
मौत से पहले व्हाट्सएप ग्रुप में भेजा संदेश
परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह 9:49 बजे अनीता ने परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप में एक संदेश भेजा था। नीतू कन्नौजिया का कहना है कि इस संदेश में अनीता ने अपनी मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया था। संदेश में पति के व्यवहार का भी जिक्र किया गया था। इसके कुछ देर बाद अनीता का मोबाइल फोन बंद हो गया।
अनीता से संपर्क नहीं होने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने पास में रहने वाली एक रिश्तेदार को उनके घर भेजा। वहां पहुंचने पर अनीता का शव जमीन पर पड़ा मिला। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया, जबकि मायके वालों ने मामले पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगी मौत की वजह
अनीता की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। नीतू कन्नौजिया और अन्य परिजनों ने पति राहुल और सास पर प्रताड़ना तथा हत्या का आरोप लगाया है। परिवार की मांग पर डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि अनीता की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
