रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा
कानपुर।भारत रत्न और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर वितरक दिवस के उपलक्ष्य में कानपुर में वरिष्ठ समाचार पत्र वितरकों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया।
समाचार पत्र विक्रेता संयुक्त मोर्चा, कानपुर एवं कानपुर प्रेस क्लब की ओर से दि गैंजेस क्लब, खलासी लाइन में दोपहर एक बजे आयोजित कार्यक्रम में 50 वर्ष या उससे अधिक समय से समाचार पत्र वितरण की सेवा कर रहे 25 वरिष्ठ वितरकों को सम्मानित किया गयाप
समारोह में सभी वरिष्ठ वितरकों को अंगवस्त्र पहनाकर, माल्यार्पण कर और सम्मान-पत्र देकर उनके लंबे सेवा योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि समाचार पत्र वितरक लोकतंत्र के सजग प्रहरी हैं, जो हर मौसम और परिस्थिति में घर-घर तक समाचार पहुंचाने का काम करते हैं। उनकी मेहनत से ही समाज के लोगों तक देश-दुनिया की महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचती हैं।
समाचार पत्र विक्रेता संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव, संयोजक रमेश बाजपेई और महामंत्री भरत मिश्रा ने कहा कि समाचार पत्र वितरण का काम केवल रोजगार नहीं, बल्कि समाज को जागरूक बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। पांच दशकों से अधिक समय तक लगातार इस सेवा में जुटे रहना समर्पण, अनुशासन और मेहनत का उदाहरण है। उन्होंने कहा, “समाचार पत्र केवल कागज नहीं, समाज की चेतना और लोकतंत्र की शक्ति है।” इस शक्ति को जन-जन तक पहुंचाने में वितरकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
समारोह में कानपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष सरस बाजपेई, महामंत्री शैलेश अवस्थी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरव सारस्वत और मंत्री शिवराज साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम में दादानगर कोऑपरेटिव के चेयरमैन विजय कपूर, गणेश तिवारी और उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन सुबोध चोपड़ा सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
50 साल से अधिक सेवा देने वाले 25 वितरक सम्मानित
समारोह में बर्रा से लालू यादव, बिरहाना रोड से पवन, राकेश शुक्ला, प्रेम गुप्ता, मनैया गुरु और आनंद मिश्रा, घंटाघर से हरजीत अरोड़ा, कल्याणपुर से श्यामसुंदर शर्मा, गोविंद नगर से राज किशोर, हर सहाय मार्केट से बाबू राम, सच्चिदानंद मिश्रा, ध्रुव चंद्र, नुमान सेठ, पुत्तन शुक्ला और केके द्विवेदी को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में रेलवे स्टेशन से श्यामू और सुशील मिश्रा, सर्वोदय नगर से गंगा सेवक, राफत अली, विनोद दीक्षित और राज नारायण पांडेय, शुक्लागंज से रमा शंकर और राज कुमार मिश्रा, साइट नंबर-1 से राम अवतार तथा विजय नगर से परमानंद पाल को सम्मान प्रदान किया गया।
साइकिल से शुरू हुआ सफर, आज भी कायम है जुनून
कार्यक्रम में सम्मानित वितरकों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कई लोगों ने साइकिल से समाचार पत्र बांटने का सफर शुरू किया था। वर्षों बीतने के बाद भी समाचार पत्रों को समय पर पाठकों तक पहुंचाने का उनका जुनून कायम है। उनके अनुभवों ने समारोह में मौजूद लोगों को मेहनत, निष्ठा और निरंतरता का संदेश दिया।
इस अवसर पर समाचार पत्र विक्रेता संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों और सदस्यों सहित रमा शंकर द्विवेदी, राजेश शुक्ला, बुल्ला यादव, घनश्याम तिवारी, वीरेंद्र यादव, मुन्नू तिवारी, धनंजय द्विवेदी, सुंदर निषाद, रमेश निषाद, बृजेश, सुरेश, अनिल, भोलू, विजय दीक्षित, राजू पाल, प्रदीप तिवारी, अमित यादव, हरि नारायण दीक्षित, विजय अवस्थी, पवन गुप्ता, सीताशरण, नवीन अग्रवाल और मोहन समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।
डॉ. कलाम की जयंती पर आयोजित यह समारोह उन लोगों के योगदान को सम्मान देने का अवसर बना, जो दशकों से बिना किसी विशेष पहचान की अपेक्षा के समाज तक सूचनाएं पहुंचाने में जुटे हैं। आयोजकों ने कहा कि वरिष्ठ वितरकों का सम्मान नई पीढ़ी को भी मेहनत, ईमानदारी और सेवा की भावना से प्रेरणा लेने का संदेश देता है।
