Homeउत्तर प्रदेशशिवा शर्मा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे का कथित बॉयफ्रेंड आमिर गिरफ्तार, नेपाल बॉर्डर...

शिवा शर्मा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे का कथित बॉयफ्रेंड आमिर गिरफ्तार, नेपाल बॉर्डर तक पहुंचाने का आरोप

लखनऊ। कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में उत्तर प्रदेश एसटीएफ और पुलिस की जांच तेज हो गई है। मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश की गिरफ्तारी के बाद अब कथित मददगारों पर भी शिकंजा कस रहा है। इसी कड़ी में श्रद्धा दुबे के कथित बॉयफ्रेंड मोहम्मद आमिर शेख को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, आमिर पर आरोप है कि उसने घटना के बाद श्रद्धा और उसकी बहन को फरार होने में मदद की थी। बताया जा रहा है कि वह अपनी स्विफ्ट कार से दोनों को बहराइच के रुपईडीहा स्थित भारत-नेपाल सीमा तक छोड़ने गया था। पुलिस अब आमिर की भूमिका की जांच कर रही है और उससे पूछताछ के जरिए फरारी में मदद करने वाले अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

फर्जी आईडी से सिम कार्ड दिलाने का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक, आमिर पर फर्जी पहचान पत्र के जरिए सिम कार्ड उपलब्ध कराने का भी आरोप है। आशंका है कि इस सिम कार्ड का इस्तेमाल फरारी के दौरान संपर्क बनाए रखने के लिए किया गया। हालांकि, इस संबंध में सामने आए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

श्रद्धा दुबे के नाम से वायरल हुए कथित ऑडियो में भी आमिर का जिक्र होने की बात कही जा रही है। पुलिस इन ऑडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि घटना के बाद श्रद्धा को किन लोगों ने मदद पहुंचाई और फरार होने की योजना में किसकी क्या भूमिका रही।

श्रद्धा के अन्य मददगारों की तलाश जारी

शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस अब श्रद्धा दुबे के कथित मददगारों और उसके संपर्क में रहे लोगों की तलाश कर रही है। वायरल ऑडियो में कुछ अन्य लोगों का जिक्र होने की बात भी सामने आई है। एसटीएफ इन लोगों की पहचान करने और उनकी भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

आमिर से पूछताछ के जरिए नेपाल सीमा तक पहुंचने के रास्ते, फरारी के दौरान इस्तेमाल किए गए संसाधनों और अन्य संभावित मददगारों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य जुटा रही हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular