Homeउत्तर प्रदेशझांसी में बधाई मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुट भिड़े, थाने...

झांसी में बधाई मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुट भिड़े, थाने में हंगामा

रिपोर्ट: दीपक जौहरी

झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित महाराणा प्रताप नगर में बुधवार को बधाई मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों गुटों को थाने ले आई, जहां पूछताछ के दौरान भी जमकर हंगामा हुआ।

जानकारी के मुताबिक, प्रेमनगर थाना क्षेत्र निवासी किन्नर आंशिक अपने साथियों के साथ महाराणा प्रताप नगर में एक घर पर बधाई मांगने पहुंची थी। इसी दौरान जीवन शाह मजार के पास रहने वाली किन्नर बबली मौसी भी अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गईं।

बबली मौसी ने दूसरे गुट पर अपने क्षेत्र में आकर बधाई मांगने और वसूली करने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

दोनों गुटों के बीच हुए हंगामे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर नवाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। यहां भी दोनों गुटों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी रहा।

एक-दूसरे पर लगाए आरोप

बबली मौसी का कहना है कि महाराणा प्रताप नगर उनका क्षेत्र है और पिछले कई दिनों से दूसरे गुट के लोग वहां आकर बधाई मांग रहे थे। वहीं, आंशिक किन्नर ने आरोप लगाया कि वह अपने ही क्षेत्र में बधाई मांग रही थीं। उनका कहना है कि वह पहले बबली मौसी की चेली थीं, लेकिन अब दूसरे गुरु के पास चली गई हैं। इसी बात को लेकर बबली मौसी उनसे रंजिश रखती हैं और बुधवार को उनके साथ मारपीट की गई।

फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular