कान्हा की नगरी मथुरा में ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और भक्ति की छटा बिखेरने के लिए 23 अक्टूबर से 2 नवंबर तक ‘ब्रज रज उत्सव 2026’ का आयोजन किया जाएगा।
‘संस्कृति, भक्ति, कला और ब्रज की पहचान’ थीम पर आधारित इस उत्सव में नृत्य, नाटक, रासलीला और लोक प्रस्तुतियों के जरिए ब्रज की सांस्कृतिक पहचान को मंच मिलेगा। उत्सव का औपचारिक उद्घाटन 24 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और सांसद हेमा मालिनी करेंगी।
हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका होगी आकर्षण
ब्रज रज उत्सव में वृंदावन के स्वामी हरिदास जी प्रेक्षागृह में सांसद हेमा मालिनी की ‘नृत्य नाटिका गंगा’ प्रस्तुत की जाएगी। इसके साथ ही अभिनेता सौरभ राज जैन ‘मेरे कृष्ण’ नाटक के जरिए दर्शकों के सामने कृष्ण से जुड़ी भावनाओं और प्रसंगों को मंच पर जीवंत करेंगे।
गीता शोध संस्थान और रासलीला अकादमी, वृंदावन की ओर से रासलीला का आयोजन होगा। वहीं, शिवानी मिश्रा ‘कलर्स ऑफ यूपी’ की प्रस्तुति देंगी।
स्थानीय कलाकारों और बच्चों को मिलेगा अवसर
उत्सव में राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के साथ ब्रज के स्थानीय लोक कलाकारों और स्कूली छात्र-छात्राओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। लोक संगीत, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्रीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इससे नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने और ब्रज की परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
हस्तशिल्प, क्षेत्रीय व्यंजन और स्थानीय उत्पाद
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा उत्सव में शिल्प मेला, फूड कोर्ट, झूले और जॉय राइड्स भी लगाए जाएंगे। स्वयं सहायता समूहों, खादी ग्रामोद्योग और प्रदेश सरकार की ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ (ओडीओपी) तथा ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ (ओडीओसी) योजनाओं के विशेष स्टॉल आकर्षण का हिस्सा होंगे।
इन स्टॉलों पर स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों और क्षेत्रीय व्यंजनों को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन के लिए मंच मिलेगा।
ब्रज रज उत्सव का उद्देश्य सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ स्थानीय कला, शिल्प और पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहित करना है। कला, भक्ति, लोक संस्कृति और मनोरंजन का संगम बनने जा रहा यह उत्सव मथुरा में ब्रज की सांस्कृतिक पहचान को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करेगा।
