Homeउत्तर प्रदेशबदायूं में जर्जर सड़क से लोग परेशान, कीचड़ और गंदे पानी के...

बदायूं में जर्जर सड़क से लोग परेशान, कीचड़ और गंदे पानी के बीच स्कूल जाने को मजबूर बच्चे

रिपोर्ट: अजयपाल यादव, बदायूं

बदायूं। जिले के सहसवान स्थित मोहल्ला मोहिउद्दीनपुर में मुख्य मार्ग की हालत कई सालों से खराब है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं और नालियों का गंदा पानी बहने से पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो गया है। इससे स्थानीय लोगों के साथ राहगीरों और स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हालात ऐसे हैं कि बच्चों को छाता लेकर कीचड़ और गंदे पानी के बीच से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है। आए दिन बाइक सवार फिसलकर गिर रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। सड़क पर जलभराव और गंदगी के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें हर बार आश्वासन ही मिलता है।

गंदे पानी के जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है। मोहल्ले के लोगों ने संबंधित विभागों से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और जलनिकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या को लेकर कब तक कदम उठाते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular