Homeउत्तर प्रदेशKGMU में तीन साल के बच्चे के जबड़े से निकाला विशाल ट्यूमर

KGMU में तीन साल के बच्चे के जबड़े से निकाला विशाल ट्यूमर

लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी (OMFS) विभाग के डॉक्टरों ने एक जटिल ऑपरेशन कर तीन साल के मासूम कृष्णा के निचले जबड़े से 9×8.5 सेंटीमीटर का विशाल ट्यूमर निकालने में सफलता हासिल की है। हमीरपुर निवासी बच्चे की कम उम्र और ट्यूमर के बड़े आकार के कारण यह सर्जरी काफी चुनौतीपूर्ण थी। कई अस्पतालों से निराश होने के बाद परिवार को KGMU में इलाज की उम्मीद मिली।

चोट के बाद जबड़े में आई सूजन, इलाज के लिए भटकता रहा परिवार

हमीरपुर निवासी कृष्णा को खेलते समय चेहरे पर चोट लग गई थी। इसके बाद उसके जबड़े में सूजन आने लगी। परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

बच्चे की मां अकेले ही उसका पालन-पोषण करती हैं। ऐसे में मासूम के इलाज के लिए परिवार को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बच्चे की कम उम्र और जबड़े में ट्यूमर का आकार काफी बड़ा होने के चलते कई बड़े अस्पतालों में ऑपरेशन नहीं हो सका। आखिरकार बच्चे के मामा उसे इलाज के लिए लखनऊ स्थित KGMU लेकर पहुंचे।

26 अक्टूबर को डॉक्टरों ने किया जटिल ऑपरेशन

कृष्णा को 21 अक्टूबर 2026 को KGMU के ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान उसके दाहिने निचले जबड़े में 9×8.5 सेंटीमीटर की गांठ होने की पुष्टि हुई। इसके बाद डॉक्टरों ने जरूरी जांचें पूरी कर ऑपरेशन की तैयारी की।

26 अक्टूबर को विभाग के प्रोफेसर डॉ. हरी राम के नेतृत्व में सर्जिकल टीम ने कई घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया। इस सर्जरी में पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. जे.डी. रावत और डॉ. आनंद पांडे ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सर्जिकल टीम में सीनियर रेजिडेंट डॉ. पूनम, डॉ. भावना और डॉ. अपेक्षा के साथ जूनियर रेजिडेंट डॉ. अभिनव, डॉ. अनिका और डॉ. शफीक शामिल रहे।

एनेस्थीसिया और ओटी टीम ने भी दिया सहयोग

ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया टीम की जिम्मेदारी प्रो. डॉ. प्रेम राज ने संभाली। उनके साथ डॉ. दीपाली, डॉ. अनुष्का और डॉ. एंजेल ने सहयोग किया। वहीं, ऑपरेशन थिएटर में माया राजपूत, रामदेव, नंद लाल, राकेश और अरविंद ने अपनी सेवाएं दीं।

पीडियाट्रिक्स ICU में रखी जा रही बच्चे की निगरानी

सफल ऑपरेशन के बाद कृष्णा को बेहतर देखभाल के लिए पीडियाट्रिक्स विभाग के आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। यहां डॉ. नीरज आनंद की देखरेख में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

प्रोफेसर डॉ. हरी राम ने बच्चे के सफल ऑपरेशन और परिवार को समय पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए KGMU की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद का आभार जताया।

RELATED ARTICLES

Most Popular