रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। लखनऊ खंड विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों में स्नातक सीट पर समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी कांति सिंह ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह को 17,127 वोटों के अंतर से हराया। वहीं, शिक्षक सीट पर भाजपा प्रत्याशी उमेश द्विवेदी ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल कर हैट्रिक लगाई। दोनों सीटों के नतीजों के बाद राजनीतिक दलों के समर्थकों में जश्न का माहौल देखने को मिला।
स्नातक सीट पर कांति सिंह को मिले 56,905 वोट
लखनऊ खंड स्नातक MLC सीट पर मतगणना के नौवें और अंतिम राउंड के बाद सपा प्रत्याशी कांति सिंह की जीत की घोषणा की गई। उन्हें कुल 56,905 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह को 39,778 वोट प्राप्त हुए। इस तरह कांति सिंह ने 17,127 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
जीत की घोषणा होते ही मतगणना स्थल के बाहर सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की। मतगणना स्थल से जीत का प्रमाण पत्र लेकर बाहर निकलीं कांति सिंह का ढोल बजाकर और फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया गया।
बाद में गोमतीनगर स्थित उनके आवास पर भी समर्थकों ने पहुंचकर बधाई दी और जीत का जश्न मनाया। मतगणना स्थल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
शिक्षक सीट पर उमेश द्विवेदी ने लगाई जीत की हैट्रिक
लखनऊ खंड शिक्षक MLC सीट पर भाजपा प्रत्याशी उमेश द्विवेदी ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।
उमेश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा ने एक सामान्य शिक्षक को लखनऊ जैसी राजधानी की सीट से तीसरी बार प्रत्याशी बनाया, इसके लिए वह पार्टी के आभारी हैं। उन्होंने लगातार तीसरी बार उन पर भरोसा जताने वाले शिक्षकों का भी धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों के आन-बान और सम्मान की रक्षा के लिए जरूरत पड़ने पर वह किसी से भी टकराने से पीछे नहीं हटेंगे।
अखिलेश यादव ने दी बधाई
समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिए चुनाव में पार्टी की जीत पर बधाई दी। पार्टी के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विजयी प्रत्याशी कांति सिंह के साथ पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को शुभकामनाएं दीं।
लखनऊ खंड की स्नातक और शिक्षक सीटों के नतीजों में एक सीट सपा और दूसरी भाजपा के खाते में गई। स्नातक सीट पर कांति सिंह की जीत के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया, जबकि शिक्षक सीट पर उमेश द्विवेदी की लगातार तीसरी जीत भाजपा के लिए अहम रही।
