Homeउत्तर प्रदेशLucknow News: फैजुल्लागंज में सांपों का खौफ, 110 सांप पकड़े गए

Lucknow News: फैजुल्लागंज में सांपों का खौफ, 110 सांप पकड़े गए

लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में बाढ़ का पानी उतरने के बाद अब लोगों के सामने सांपों का खतरा बढ़ गया है। जलभराव के दौरान घरों में छिपे सांप अब बाहर निकलने लगे हैं। घरों के कमरों से लेकर पेड़ों और सेप्टिक टैंकों तक में सांपों के मिलने से स्थानीय लोगों में दहशत है। वन विभाग की टीम अब तक कोबरा, कॉमन करैत, रसेल वाइपर और अजगर समेत 110 सांपों को पकड़ चुकी है।

बाढ़ के कारण फैजुल्लागंज के कई घरों में कीचड़ जमा हो गया था। पानी उतरने के बाद घरों और आसपास बने गड्ढों में सांपों ने ठिकाना बना लिया। ऐसे में वन विभाग की टीम के सामने इन्हें सुरक्षित पकड़ने की चुनौती है। सांपों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विभाग ने 20 टीमें गठित की हैं। लखनऊ की सभी रेंज के अधिकारियों को भी निगरानी और रेस्क्यू अभियान में लगाया गया है।

रात होते ही लोगों में बढ़ जाता है डर

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाढ़ के बाद घरों की साफ-सफाई और गृहस्थी को दोबारा व्यवस्थित करने में दिन बीत जाता है, लेकिन रात में सोने का डर बना रहता है। लोगों को आशंका है कि कहीं कोई सांप घर के अंदर न घुस आए। इसी वजह से लोग दरवाजों और खिड़कियों के आसपास खाली जगहों को बंद रखने की कोशिश कर रहे हैं।

कुछ घरों में बिजली नहीं होने के कारण लोगों को टॉर्च का सहारा लेना पड़ रहा है। दलदल और कीचड़ में सांपों के गुजरने के निशान भी दिखाई देते हैं। वन विभाग की टीम जब एक घर में कोबरा पकड़ने पहुंची तो सांप ने फन फैलाकर अपना बचाव किया। कई जगह पेड़ों पर भी सांप दिखाई दिए।

सेप्टिक टैंकों में भी बना लिया ठिकाना

फैजुल्लागंज में सांपों के घरों के सेप्टिक टैंकों तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है। इन जगहों से निकलकर सांप घरों के आसपास पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। स्थिति को देखते हुए महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर निगम की ओर से सभी सेप्टिक टैंकों की मुफ्त सफाई कराने का निर्णय बताया है।

सूचना मिलते ही पहुंच रही वन विभाग की टीम

डीएफओ अवध सितांशु पांडेय के मुताबिक, बाढ़ के बाद आमतौर पर सांप बाहर निकलते हैं, लेकिन फैजुल्लागंज में इनकी संख्या अधिक पाई गई है। वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और सांप दिखाई देने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच रही हैं।

बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए अब घरों की सफाई के साथ-साथ सांपों से बचाव भी बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और सांप दिखाई देने पर खुद उसे पकड़ने या छेड़ने के बजाय वन विभाग की मदद लेने की जरूरत है।

RELATED ARTICLES

Most Popular