Homeउत्तर प्रदेशUP News: यूपी के परिषदीय स्कूलों में 17 से 21 नवंबर तक...

UP News: यूपी के परिषदीय स्कूलों में 17 से 21 नवंबर तक होंगी अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं, कार्यक्रम जारी

न्यूज डेस्क, लखनऊ।

उत्तर प्रदेश में परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं को लेकर कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 17 नवंबर से 21 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति का आकलन करने पर जोर दे रही है। इसी क्रम में परिषद ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को परीक्षा संबंधी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रश्नपत्र तैयार करने, उनका मुद्रण कराने और विद्यालयों तक समय से वितरण सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जाएगी।

कक्षा के अनुसार होगी परीक्षा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा एक के विद्यार्थियों की परीक्षा मौखिक रूप से कराई जाएगी। कक्षा दो और तीन में लिखित के साथ मौखिक परीक्षा होगी। वहीं, कक्षा चार और पांच के विद्यार्थियों के लिए भी लिखित तथा मौखिक परीक्षाओं की व्यवस्था निर्धारित की गई है। कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों की परीक्षाएं लिखित रूप में आयोजित की जाएंगी।

परीक्षा में हिंदी, गणित, अंग्रेजी, संस्कृत या उर्दू, सामाजिक विषय, कला-संगीत, विज्ञान और पर्यावरण अध्ययन सहित विभिन्न विषय शामिल होंगे। विद्यालयों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश

अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए मॉडल प्रश्नपत्र जनपद स्तर पर तैयार कराए जाएंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को प्रश्नपत्रों का समय से मुद्रण और वितरण सुनिश्चित करने के साथ उनकी गोपनीयता बनाए रखने को कहा गया है। इसका उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाए रखना है।

परिषद ने परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने पर जोर दिया है, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

समय से घोषित होगा परीक्षा परिणाम

परीक्षाएं समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित रखरखाव और निर्धारित समय पर परीक्षा परिणाम घोषित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षाओं का संचालन कराने को कहा है। परिषद का जोर परीक्षा से लेकर मूल्यांकन और परिणाम घोषित करने तक की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाए रखने पर है।

कोट: “शैक्षिक सत्र 2026-27 की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 17 से 21 नवंबर तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएंगी। प्रश्नपत्रों का समय से मुद्रण एवं वितरण सुनिश्चित करने, उनकी गोपनीयता बनाए रखने और मूल्यांकन कार्य समय से पूरा कराकर परीक्षा परिणाम घोषित करने के निर्देश दिए गए हैं।”

— सुरेंद्र तिवारी, सचिव, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज

RELATED ARTICLES

Most Popular