रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राजधानी लखनऊ में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी और आम नागरिक शामिल हुए।
हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने दौड़ लगाई और देश की एकता, अखंडता तथा भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जनभवन से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

रैली जनभवन से शुरू होकर केडी सिंह बाबू स्टेडियम तक पहुंची। इस दौरान स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, युवाओं, प्रशासनिक अधिकारियों और आम लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। पूरे आयोजन में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। प्रतिभागियों ने तिरंगा लेकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
सरदार पटेल ने 560 से अधिक रियासतों का कराया विलय
रैली को रवाना करने के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अदम्य साहस, कूटनीतिक कुशलता और दूरदर्शिता के बल पर 560 से अधिक रियासतों का विलय कर अखंड भारत की नींव रखी थी। देश के एकीकरण में उनका योगदान भारतीय इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है।
राज्यपाल ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती केवल उन्हें याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के सपने को साकार करने का संकल्प लेने का भी दिन है। देश की एकता बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
युवाओं की भागीदारी से मजबूत होगा एकता का संदेश
आनंदीबेन पटेल ने कहा कि रन फॉर यूनिटी केवल दौड़ का आयोजन नहीं है, बल्कि यह देशवासियों को एक सूत्र में जोड़ने का माध्यम है। भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में छिपी एकता है। युवाओं को स्वस्थ शरीर और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के समापन पर राज्यपाल ने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। लोगों ने देश की आंतरिक सुरक्षा, एकता और संप्रभुता बनाए रखने के साथ सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
