रिपोर्ट: प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ।राजधानी के निशातगंज में बाजार की इमारतों और फ्लाईओवर पर प्रस्तावित निर्माण को लेकर व्यापारियों का आक्रोश सामने आया है।
करीब 80 वर्ष पुरानी बाजार की इमारतों को आवासीय बताकर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की ओर से नोटिस जारी किए जाने और 35 वर्ष पुराने फ्लाईओवर के दोनों ओर 10 फीट ऊंची पॉलीकार्बोनेट शीट लगाने की योजना के विरोध में व्यापारियों ने प्रदर्शन किया।
उत्तर प्रदेश रिटेलर एसोसिएशन (यूपीआरए) के नेतृत्व में कारोबारियों ने एलडीए और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने कहा कि निशातगंज की बाजार कई दशकों से संचालित हो रही है। यहां बड़ी संख्या में दुकानदार अपनी आजीविका चला रहे हैं। ऐसे में पुरानी बाजार की इमारतों को आवासीय बताकर नोटिस जारी करना व्यापारियों के लिए चिंता का विषय है। इमारतों को लेकर शो-कॉज नोटिस भेजे जाने पर भी कारोबारियों ने आपत्ति जताई।
फ्लाईओवर पर शीट लगाने से दुकानें होंगी ओझल
व्यापारियों का विरोध फ्लाईओवर के दोनों ओर 10 फीट ऊंची पॉलीकार्बोनेट शीट लगाए जाने को लेकर भी है। उनका कहना है कि यदि फ्लाईओवर के किनारों पर इतनी ऊंची शीट लगा दी गई तो सड़क से बाजार और दुकानें दिखाई नहीं देंगी। इससे दुकानों की पहचान और ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
कारोबारियों को आशंका है कि दुकानें दिखाई नहीं देने से ग्राहक बाजार तक पहुंचना कम कर देंगे और इसका सीधा असर उनके व्यापार पर पड़ेगा। व्यापारियों ने एलडीए और पीडब्ल्यूडी से प्रस्ताव पर दोबारा विचार करने की मांग की।
भारी बारिश में भी प्रदर्शन करने पहुंचे व्यापारी
अपनी मांगों को लेकर व्यापारियों ने भारी बारिश के बावजूद एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। यूपी रिटेलर एसोसिएशन के नेतृत्व में जुटे कारोबारियों ने कहा कि बाजार के भविष्य और दुकानदारों की आजीविका से जुड़े फैसले लेने से पहले व्यापारियों की समस्याओं को सुना जाना चाहिए।
व्यापारियों ने संबंधित विभागों से नोटिस और फ्लाईओवर पर शीट लगाने की योजना पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उनका कहना है कि विकास कार्यों के साथ बाजार और स्थानीय कारोबारियों के हितों का भी ध्यान रखा जाना जरूरी है।
