रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को उत्तर प्रदेश आपदा मित्र एसोसिएशन के सदस्यों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। परिवर्तन चौक पर एकत्र हुए प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधानसभा की ओर कूच करने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
प्रदर्शन कर रहे आपदा मित्रों का कहना है कि वे वर्ष 2018 से सरकार और राहत आयुक्त के निर्देश पर आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों में लगातार सेवाएं दे रहे हैं। बाढ़, भूकंप और कोरोना जैसी आपदाओं के दौरान राहत कार्यों के साथ कुंभ, माघ मेला, सावन मेला और गणतंत्र दिवस परेड जैसे आयोजनों में भी उनकी ड्यूटी लगाई जाती रही है। इसके बावजूद लंबे समय से उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है।
20 लाख रुपये बीमा और न्यूनतम वेतन की मांग
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राज किशोर ने कहा कि वर्ष 2018 में आपदा मित्रों को आईडी कार्ड और किट उपलब्ध कराई गई थी। तब से वे पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर आपातकालीन परिस्थितियों में काम कर रहे हैं। अग्नि सचेतक और नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण जैसे कार्यों में भी उनकी भागीदारी रहती है।
उन्होंने मांग की कि सरकार की ओर से घोषित पांच लाख रुपये की बीमा राशि बढ़ाकर 20 लाख रुपये की जाए। साथ ही सभी आपदा मित्रों को 26,910 रुपये प्रतिमाह न्यूनतम वेतन दिया जाए और उन्हें औपचारिक रूप से आपदा कर्मचारी का दर्जा मिले।
ईएसआई, पीएफ और रिटायरमेंट लाभ की भी मांग
प्रदर्शनकारियों ने आपदा मित्रों और आपदा सखियों के लिए स्वास्थ्य बीमा, ईएसआई, पीएफ और सेवानिवृत्ति लाभ की व्यवस्था करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि उन्हें सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, सुरक्षित विद्यालय अभियान और फायर ब्रिगेड से जुड़े कार्यों में भी जिम्मेदारी दी जानी चाहिए।
इसके अलावा बीमा पॉलिसी, डीजी लॉकर सर्टिफिकेट और डिजिटल नंबर वाले नए पहचान पत्र जारी करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने मानसून से पहले ड्रेस और जरूरी किट उपलब्ध कराने की भी अपील की। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
