Homeउत्तर प्रदेशदलित सम्मेलन में खाली पंडाल को लेकर अखिलेश पर बरसे ओपी राजभर,...

दलित सम्मेलन में खाली पंडाल को लेकर अखिलेश पर बरसे ओपी राजभर, बोले- अपने ही लोग सपा को डुबो देंगे

लखनऊ, 16 नवंबर। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। आगरा में आयोजित सपा के दलित सम्मेलन को लेकर राजभर ने कई सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि सम्मेलन में 10 जिलों से अहिर समाज के लोगों को बुलाने के बावजूद पंडाल खाली रह गया। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव के कारनामे और उनके ‘मूर्ख लोडर’ ही समाजवादी पार्टी को डुबोने के लिए काफी हैं।

राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अखिलेश यादव की राजनीतिक रणनीति पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा दलितों और पिछड़े वर्गों को अपने साथ जोड़ने के नाम पर सम्मेलन तो आयोजित कर रही है, लेकिन इन वर्गों का वास्तविक समर्थन उसे नहीं मिल रहा है। उनके मुताबिक, सम्मेलन में टिकट के दावेदारों और उनके समर्थकों के अलावा आम दलित समाज की भागीदारी नजर नहीं आई।

प्रोफेसर चच्चा की हूटिंग को लेकर भी घेरा

ओम प्रकाश राजभर ने सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव पर कथित हूटिंग को लेकर भी अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान प्रोफेसर चच्चा की हूटिंग होती रही और अखिलेश यादव सब कुछ देखते रहे। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि जिस पार्टी में अपने ही वरिष्ठ नेताओं का सम्मान नहीं हो रहा है, उसे किसी दूसरे दल से चुनौती लेने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने बौद्ध वंदना के दौरान सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी के कुर्सी पर बैठे रहने का भी मुद्दा उठाया। राजभर ने इसे भगवान बुद्ध और दलित समाज के प्रति अपमानजनक बताते हुए सपा नेतृत्व की आलोचना की।

गैर यादव पिछड़ों और दलितों से दूरी का आरोप

कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश का दलित, बहुजन, गैर यादव पिछड़ा और वनवासी समाज सपा की राजनीतिक मंशा को समझ चुका है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की राजनीति में यादवों को प्राथमिकता दी जाती है, जबकि दूसरे पिछड़े वर्गों और दलितों को केवल चुनाव के समय याद किया जाता है।

राजभर ने सपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में नौकरी, ठेका और पट्टा देने के मामले में एक खास वर्ग को तरजीह देने की सोच रही है। उन्होंने मुस्लिम समाज को लेकर भी सपा की राजनीति पर सवाल उठाए।

मुस्लिम सम्मेलन को लेकर भी साधा निशाना

ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुस्लिम सम्मेलनों पर टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि इन आयोजनों में फोटो खिंचवाने के लिए अहिर समाज के लोग टोपी और लुंगी पहनकर बैठते हैं। उन्होंने कहा कि सपा की राजनीति में दिखावे और राजनीतिक स्वार्थ को प्राथमिकता दी जा रही है।

राजभर ने अपने बयान के जरिए अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को कमजोर करने के लिए विरोधियों की जरूरत नहीं है। अखिलेश यादव के अपने फैसले और उनके समर्थक ही पार्टी को नुकसान पहुंचाने के लिए काफी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular