Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में प्रदूषण से मिली राहत, AQI 118 पर पहुंचा; लालबाग अब...

लखनऊ में प्रदूषण से मिली राहत, AQI 118 पर पहुंचा; लालबाग अब भी सबसे प्रदूषित, बढ़ेगी ठंड

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में वायु प्रदूषण से मंगलवार सुबह कुछ राहत मिलती नजर आई। हवा की रफ्तार बढ़ने से सुबह छाई हल्की धुंध का असर कम हुआ और कुछ ही देर में तेज धूप निकल आई। इसका असर शहर की वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिला। मंगलवार सुबह लखनऊ का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 118 दर्ज किया गया, जो यलो जोन में है। हालांकि, शहर के कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर अब भी चिंता का विषय बना हुआ है।

शहर में लालबाग सबसे प्रदूषित क्षेत्र रहा, जहां AQI 220 दर्ज किया गया। यहां वायु गुणवत्ता ऑरेंज जोन में रही। वहीं अलीगंज में AQI 180 और तालकटोरा में 101 रिकॉर्ड किया गया। ये दोनों इलाके यलो जोन में शामिल रहे।

इसके विपरीत डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय और गोमतीनगर में AQI 70, जबकि कुकरैल में 64 दर्ज किया गया। इन तीनों क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता ग्रीन जोन में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार सोमवार शाम लखनऊ का औसत AQI 169 था। इस लिहाज से मंगलवार सुबह प्रदूषण के स्तर में सुधार दर्ज किया गया।

तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट के आसार

प्रदूषण से राहत के बीच अब राजधानी में ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में लखनऊ के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके चलते सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा। साथ ही सुबह के वक्त कोहरा भी छाने की संभावना है।

मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 92 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 30 प्रतिशत रही।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक कश्मीर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के बाद उत्तर प्रदेश में उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा। इससे तापमान में गिरावट आएगी और सुबह के समय ठंड के साथ कोहरे का असर भी बढ़ सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular