रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में नियमित स्वास्थ्य शिक्षा सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों के माध्यम से छात्राओं को माहवारी के दौरान साफ-सफाई, पौष्टिक खानपान और एनीमिया से बचाव के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही माहवारी को लेकर समाज में फैली झिझक और गलत धारणाओं को दूर करने पर भी जोर दिया जाएगा।
इस संबंध में प्रमुख सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण वी. हेकाली झिमोमी ने सोमवार को एनेक्सी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति की बैठक में अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में छात्राओं को सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने की नीति का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि किसी भी किशोरी को आवश्यक सुविधाओं के अभाव में परेशानी न उठानी पड़े।
माहवारी शुरू होने से पहले दी जाएगी जानकारी
प्रमुख सचिव ने कहा कि किशोरियों को माहवारी शुरू होने से पहले ही इससे जुड़ी सही और वैज्ञानिक जानकारी मिलनी चाहिए। इससे उनके मन में इस प्राकृतिक प्रक्रिया को लेकर डर, संकोच और भ्रम की स्थिति नहीं रहेगी। स्कूलों में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिक्षा सत्रों में माहवारी चक्र, व्यक्तिगत स्वच्छता, पौष्टिक भोजन और खून की कमी यानी एनीमिया से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि माहवारी को लेकर समाज में आज भी कई तरह की गलत धारणाएं और भ्रांतियां मौजूद हैं। इन्हें दूर करने के लिए केवल स्कूलों तक जागरूकता अभियान सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समुदायों में भी लोगों को जागरूक किया जाना जरूरी है। इसके लिए स्कूलों के साथ सामुदायिक स्तर पर भी अभियान चलाए जाएंगे।
इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड के निस्तारण पर जोर
बैठक में प्रमुख सचिव ने नगर विकास और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि माहवारी स्वच्छता से जुड़ी सुविधाओं के साथ अपशिष्ट प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के अलावा न्यूट्रिशन इंटरनेशनल के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। बैठक में किशोरियों के स्वास्थ्य, माहवारी स्वच्छता और जागरूकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
