रिपोर्ट – बालेन्द्र गुप्ता
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। झांसी सदर विधानसभा सीट समाजवादी पार्टी के लिए लंबे समय से चुनौतीपूर्ण रही है।
इस सीट पर सपा अब तक अपना मजबूत आधार नहीं बना सकी है। हालांकि इस बार पार्टी ने रणनीति में बदलाव के संकेत दिए हैं। माना जा रहा है कि सामाजिक समीकरण और मजबूत प्रत्याशी के सहारे सपा इस सीट पर चुनावी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश करेगी।
झांसी सदर सीट पर इस बार समाजवादी पार्टी के टिकट के दावेदारों की संख्या भी बढ़ी है। अब तक कई नेताओं ने पार्टी के सामने अपनी दावेदारी पेश की है।
ऐसे में पार्टी हाईकमान के सामने सबसे बड़ी चुनौती मजबूत और जिताऊ चेहरे का चयन करना है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि सपा नेतृत्व इस बार सीट के जातीय और सामाजिक समीकरणों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर दावेदारों की पकड़ को भी गंभीरता से परख रहा है।
बताया जा रहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नजर भी झांसी सदर सीट पर है। दावेदारों और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
माना जा रहा है कि सभी पहलुओं पर मंथन के बाद ही प्रत्याशी के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। ऐसे में इस बार सपा किसी नए और प्रभावी चेहरे को मैदान में उतारती है या पुराने दावेदारों में से किसी पर भरोसा करती है, यह देखना दिलचस्प होगा।
पिछले चुनावों में सपा का प्रदर्शन
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने झांसी सदर सीट से सीताराम कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिल सकी। इससे पहले 2017 में सपा ने इस सीट पर अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था।
सपा-कांग्रेस गठबंधन के तहत यह सीट कांग्रेस के खाते में गई थी। कांग्रेस प्रत्याशी राहुल राय चुनाव में तीसरे स्थान पर रहे थे, जबकि बसपा दूसरे स्थान पर रही थी।
वर्ष 2012 में सपा ने असफान सिद्दीकी को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन वह मुकाबले में अपनी मजबूत स्थिति नहीं बना सके। झांसी सदर सीट पर लंबे समय तक कांग्रेस का प्रभाव रहा है, जबकि पिछले कई चुनावों से भाजपा ने यहां अपनी पकड़ मजबूत की है।
हालांकि कांग्रेस और बसपा बीच-बीच में भाजपा के जीत के सिलसिले को रोकने में सफल रहे हैं, लेकिन सपा अभी तक इस सीट पर अपनी मजबूत राजनीतिक मौजूदगी दर्ज नहीं करा सकी है।
यही वजह है कि इस बार झांसी सदर सीट सपा के लिए सिर्फ टिकट तय करने का मामला नहीं, बल्कि संगठन और चुनावी रणनीति की अग्निपरीक्षा भी मानी जा रही है। यदि पार्टी मजबूत प्रत्याशी उतारने के साथ अपने सामाजिक समीकरणों को साधने में सफल रहती है तो मुकाबले का स्वरूप बदल सकता है।
झांसी सदर विधानसभा सीट का चुनावी रिकॉर्ड
– 2022 – रवि शर्मा (भाजपा)
– 2017 – रवि शर्मा (भाजपा)
– 2012 – रवि शर्मा (भाजपा), कैलाश साहू (बसपा)
– 2007 – प्रदीप जैन (कांग्रेस)
– 2004 – प्रदीप जैन (कांग्रेस)
– 2002 – रमेश शर्मा (बसपा)
– 1996 – रवींद्र शुक्ला (भाजपा)
– 1993 – रवींद्र शुक्ला (भाजपा)
– 1991 – रवींद्र शुक्ला (भाजपा)
– 1989 – रवींद्र शुक्ला (भाजपा)
– 1985 – ओपी रिछारिया (कांग्रेस)
– 1980 – राजेंद्र अग्निहोत्री (भाजपा)
– 1977 – सूर्यमुखी शर्मा (जेएनपी)
– 1974 – बाबूलाल तिवारी (कांग्रेस)
– 1969 – जगमोहन वर्मा (बीकेडी)
– 1967 – यू नारायण (कांग्रेस)
– 1962 – लखपतराम शर्मा (निर्दलीय)
– 1957 – आत्माराम गोविंद खेर (कांग्रेस)
– 1951 – आत्माराम गोविंद खेर (कांग्रेस)
