Homeउत्तर प्रदेश68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने शादी में भी उठाई आरक्षण की...

68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने शादी में भी उठाई आरक्षण की मांग

रिपोर्ट : प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने साथी की शादी में भी अपनी आवाज बुलंद की।

पिछले 82 दिनों से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थी प्रतापगढ़ के कुंडा निवासी और आंदोलन के मीडिया प्रभारी अखिल कुमार की शादी में पहुंचे और दूल्हा-दुल्हन के साथ मंच से आरक्षण की मांग उठाई।

शादी समारोह में अभ्यर्थियों ने बैनर-पोस्टर लेकर ‘आरक्षण बचाओ’, ‘हक हमारा-आरक्षण हमारा’ और ‘लेकर रहेंगे आरक्षण’ जैसे नारे लगाए।

कई अभ्यर्थी विशेष टोपी पहनकर भी पहुंचे। इस दौरान शादी समारोह में भी 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति का मुद्दा चर्चा में रहा।

दूल्हा-दुल्हन भी आंदोलन के समर्थन में

अखिल कुमार और उनकी पत्नी अर्चना ने भी मंच से आंदोलन का समर्थन किया। दोनों ने कहा कि शादी के बाद जीवन की नई शुरुआत के बावजूद वे अपने साथियों की न्याय की लड़ाई से अलग नहीं होंगे। उनका कहना है कि जब तक अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिलता, संघर्ष जारी रहेगा।

82 दिनों से चल रहा आंदोलन

आंदोलनकारियों के मुताबिक, वे 82 दिनों से भर्ती में आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। इस दौरान नवरात्रि, दशहरा, करवा चौथ, दीपावली, भैया दूज और छठ जैसे पर्व भी धरना स्थल पर मनाए गए। आंदोलनकारी अभ्यर्थियों का आरोप है कि 68,500 शिक्षक भर्ती में ओबीसी आरक्षण के लाभ में विसंगति हुई है।

अभ्यर्थी राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की सामाजिक न्याय एवं सद्भाव समिति की ओर से की गई संस्तुतियों के आधार पर भर्ती परिणाम की समीक्षा और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग कर रहे हैं। साथ ही वे मामले के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की भी मांग कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द समाधान की अपील करते हुए कहा कि उनके लिए यह केवल भर्ती का मामला नहीं, बल्कि अधिकार और न्याय की लड़ाई है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular